
यूपी। योगी आदित्यनाथ सरकार ने दीवाली पर उज्जवला गैस के लाभार्थियों को फ्री सिलेंडर का ऐलान किया है। इसे लेकर जिलापूर्ति कार्यालय पर नोटिफिकेशन भी आ गया है। लेकिन ऐसे उपभोक्ताओं को फ्री सिलेंडर का लाभ नहीं मिलेगा, जिन्होंने ई-केवाईसी नहीं कराया है। ऐसे उपभोक्ताओं को विभाग अपात्र मानकर फ्री सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की योजना से बाहर करने की तैयारी में है। लिहाजा यदि आपको इस योजना का लाभ चाहिए तो जल्द से जल्द अपने रसोई गैस सिलेंडर कनेक्शन का केवाईसी जरूर करा लें।
प्रदेश सरकार ने सभी उज्जवला गैस के लाभार्थियों को दिवाली से पहले फ्री सिलेंडर देने का ऐलान किया है। इसके अतर्गत लाभार्थियों को पहले खुद रुपये देकर गैस सिलेंडर खरीदना होगा। इसके बाद इनके बैंक खातों में गैस सिलेंडर का मूल्य डीबीटी से भेजा जाएगा। लेकिन उज्ज्वला योजना के जिन लाभार्थियों ने केवाईसी नहीं कराया है, उन्हें इस लाभ वंचित रहना होगा। हालांकि बीते कुछ दिनों में एजेंसियों की सक्रियता के बाद केवाईसी कराने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है। लेकिन दीवाली नजदीक होने के चलते विभाग का मानना है कि अब बमुश्किल 10 और लाभार्थी ही केवाईसी को आगे आ सकते हैं। ऐसे में शेष का योजना से बाहर होना तय माना जा रहा है। विभाग के अनुसार, करीब एक लाख का अब भी केवाईसी नहीं हुआ है।




























