
सिलीगुड़ी। बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित राम कृष्ण मिशन के आश्रम में अराजकतत्वों द्वारा मचाए गए उत्पात की जांच पुलिस ने शुरू किया है। वहीं, उत्पात मचाने वाले आरोपितों ने एससी-एसटी एक्ट का दांव खेला है। अनुसूचित जाति की जमीन पर कब्जा करने का आरोप मिशन पर लगाया है। राम कृष्ण मिशन के खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान के बाद हुई इस घटना से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनावी सभाओं के लेकर इंटरनेट मीडिया पर भाजपा के नेता इस घटना को लेकर राज्य की ममता सरकार की घोर निंदा कर रहे हैं। सिलीगुड़ी के चार माइल स्थित राम कृष्ण मिशन के आश्रम ‘सेवक हाउस’ में विगत रविवार को भोरपहर अराजकतत्वों जमकर उत्पात मचाया। उक्त घटना के खिलाफ राम कृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी शिवप्रेमानंद ने भक्ति नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उन्होंने कहा है कि सालूगाड़ा निवासी प्रदीप राय अपने शागिर्दों के साथ आश्रम परिसर में जबरन घुसे और वहां के सुरक्षा कर्मी समेत साधुओं को हथियार के बल पर परिसर से निकलने की धमकी दी। बल्कि कुछ साधू (महिला भी शामिल) और सुरक्षा कर्मियों को जबरन गाड़ी में डाल न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के निकट सड़क पर छोड़ दिया।























