
उज्जैन। उज्जैन के केडी गेट स्थित सैफी बाखल के एक घर में भाई-बहन के शव मिले हैं। सबसे पहले शवों को उनकी मां ने देखा और मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। कमरे में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और घर के बाहर भीड़ जमा हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों के हाथों पर धारदार वस्तु से कट के निशान मिले हैं और सुसाइड नोट भी मिला है। सु्साइड नोट में युवक की आंखों के उपचार नहीं करवाने की बात लिखी है। जहरीला पदार्थ की डिब्बी भी मिली है। दोनों के पिता सालों से कुवैत में रहकर व्यापार करते हैं। मां नमाज के लिए जाने लगी तो उसने पुत्र व पुत्री अचेत अवस्था में पड़े दिखाई दिए। पुलिस व फारेंसिक एक्सपर्ट जांच में जुटी है। पुलिस को आत्महत्या की आशंका है। जीवाजीगंज पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम को सूचना मिली थी कि केडी गेट स्थित सैफी बाखल में रहने वाले ताहिर पुत्र सादिक हुसैन बादशाह व उसकी बहन जेहरा का शव कमरे में मिला है। इस पर टीआइ नरेंद्र परिहार व टीम मौके पर पहुंची थी। युवक व युवती अपनी मां फातिमा के साथ बाखल में रहते थे।


























