
वाशिंगटन, २५ नवंबर । इजरायल और हमास के बीच जारी युद्ध का आज 49वां दिन है। दोनों के बीच जारी संघर्ष में अब तक 14 हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई है। वहीं, हमास ने शुक्रवार शाम चार बजे बंधक बनाए गए लोगों में से 24 को रिहा कर दिया। बंधकों की रिहाई के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि आज की रिहाई एक प्रक्रिया की शुरुआत है और आने वाले समय में और अधिक बंधकों को रिहा किया जाएगा। राष्ट्रपति बाइडन ने इजरायल और हमास के बीच संघर्ष विराम की अवधि बढऩे पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि फलस्तीनी आतंकियों द्वारा बंधक बनाए गए अमेरिकी नागरिकों को जल्द रिहा किया जाएगा। उन्होंने संघर्ष विराम के लिए अमेरिकी कूटनीति और हमास द्वारा रिहा किए गए 24 बंधकों की रिहाई की प्रशंसा भी की। आज की रिहाई एक प्रक्रिया की शुरुआत है। हम उम्मीद करते हैं कि कल और अधिक बंधकों को रिहा किया जाएगा और उसके अगले दिन और भी अधिक बंधकों को रिहा किया जाएगा। हम उम्मीद करते हैं कि दर्जनों बंधकों को उनके परिवारों को लौटा दिया जाएगा। हम उन सभी को भी याद करते हैं जिन्हें अभी भी हिरासत में रखा गया है और हम उनकी रिहाई के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं। जो बाइडन, अमेरिकी राष्ट्रपति राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि हमास ने 13 इजरायली बंधकों को रिहा कर दिया। उन्होंने कहा कि आज का परिणाम कई दिनों की व्यक्तिगत व्यस्तता और मेहनत का परिणाम है। हमास ने जब से इन लोगों का अपहरण किया है मैंने अपनी टीम के साथ उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम किया है और लड़ाई को रोकने के लिए लगातार दबाव डाला है।मालूम हो कि संघर्ष विराम की शर्तों के मुताबिक, इजरायली जेलों में बंद हजारों फलस्तीन बंदियों में से 150 महिलाओं और बच्चों के बदले 50 बंधक महिलाओं और बच्चों को रिहा किया जाना है। वहीं, इजरायल का कहना है कि अगर हमास प्रतिदिन 10 से अधिक बंधकों को रिहा करता है तो संघर्ष विराम को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।इधर, शुक्रवार को हमास द्वारा रिहा किए गए लोगों में इजरायल के 13, थाइलैंड के 10 और फिलीपींस का एक नागरिक है। इन लोगों को हमास लड़ाकों ने सात अक्टूबर को इजरायली शहरों से अगवा किया था। ये लोग दो समझौतों के तहत छोड़े गए हैं। बदले में इजरायल ने 39 (24 महिलाएं और 15 किशोर) फलस्तीनी कैदी रिहा किए।


























