
कोरबा। जिले में दो दिन से हो रही बारिश ने अपना दबाव जारी रखा है। इसके कारण नदी-नालों के जल स्तर में बढ़ोत्तरी हुई है। हसदेव बरॉज संभाग के द्वारा दर्री स्थित बरॉज का एक गेट आंशिक रूप से खोला गया है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वहां से 8300 क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड की गति से नदी में छोड़ा गया है। अगली स्थिति तक गेट खोला जाएगा। बारिश थमने पर इसे यथावत कर दिया जाएगा। बताया गया कि हसदेव के जल स्तर में बढ़ोत्तरी पर पूरी नजर रखी जा रही है। विभाग ने पहले ही सर्व साधारण को अलर्ट कर दिया था कि बारिश के मद्देनजर हसदेव के किनारे से अपनी परिसंपत्तियों को हटा लें जो उनके निजी व व्यवसायिक प्रयोजन से जुड़ी हुई है। पूरे वर्षाकाल में उत्पन्न स्थिति और इस कारण से होने वाली किसी भी क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा।