
कोरिया। मौसम सामान्य होने के बाद एक बार फिर सूरज की तपिश बढऩे लगी है। बुधवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान एक डिग्री की वृद्धि के साथ 38़ 1 दर्ज किया गया। अगले दो दिनों तक मौसम के साफ रहने से तापमान में एक से दो डिग्री की ओर बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि 26 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण महीने के आखिरी दिनों में बादलों की आवाजाही से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय होने से तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। इस माह दो बार ऐसा मौका आया जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार गया। इसके बाद विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में तगड़ी गिरावट हुई। यह क्रम लगातार बना हुआ है। आने वाले दिनों में एक नया सिस्टम सक्रिय होगा जिससे तापमान में फिर बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने इस साल उत्तरी छत्तीसगढ़ में जून माह तक भीषण गर्मी पडऩे की संभावना जताई है। बीच-बीच में विक्षोभ के प्रभाव से गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना है। इन दिनों विवाह का सीजन चल रहा है। ऐसे में लोग जरूरी खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। दोपहर में भीषण गर्मी के दौरान आवाजाही कम हो जाती है। लोग खरीदारी के लिए सुबह व शाम को निकलना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। दुकानों में इस दौरान लोगों की भारी भीड़ रहती है। इस सीजन में तापमान 40 डिग्री तक गया है। अप्रैल में दो दिनों पारा 40 के पार गया था। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार अप्रैल माह के बाकी दिनों में तापमान के बहुत ज्यादा बढऩे की संभावना नहीं है लेकिन मई माह में पश्चिम की गर्म हवा के चलने से तापमान में और वृद्धि की संभावना है। इस दौरान तापमान के 42 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है।



















