जांजगीर। जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा। सोमवार की तुलना में अधिकतम तापमान दो डिग्री ज्यादा रहा। जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री कम रहा। सुबह से शाम तक अधिकांश समय के लिए धूप खिली रही। इसके चलते लोगों को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक गर्मी व उमस से राहत की उम्मीद कम है क्योंकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि मौसम में बदलाव के लिए सिस्टम सक्रिय हो चुका है। इससे देर शाम जिले में हल्की बारिश के साथ तेज हवा और अंधड़ चलने की संभावना बनी हुई है।
ऐसे में तापमान में ज्यादा इजाफा नहीं होने का अनुमान लगा रहे है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर के कुछ और भाग, कर्नाटक के कुछ और भाग, रॉयल सीमा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के कुछ भाग और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर पश्चिम बंगाल के खाड़ी के कुछ हिस्से तक पहुंच चुका है। मानसून के आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है।