
इंदौर , 1१ मई ।
मौसम विभाग ने आज देश के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। समाचार एजेंसी ने मौसम विभाग के हवाले से जानकारी दी है कि शनिवार को उत्तराखंड, तमिलनाडु और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तरी भारत में मौसम में बड़ा बदलाव हो सकता है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात तेज बरसात जैसी गतिविधियां हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश होने के साथ तेज हवा चल सकती है।
भारी बारिश के कारण बद्रीनाथ-ऋषिकेश हाईवे सिरोबगड़ के पास बंद हो गया है। इस कारण से बद्रीनाथ और केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को श्रीकोट-श्रीनगर और कलियासौड़ में रोका गया। इस बीच श्रीनगर कोतवाल होशियार सिंह पंखोली ने जानकारी दी है कि यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है। सिरोबगड़ में लगातार मलबा गिरने से अभी तक सडक़ नहीं खुल पाई है।




























