
क्वेटा । पाकिस्तानी सेना ने अकेले जून के महीने में ही बलूचिस्तान के 12 जिलों में 54 बलूचों को बंदी बना रखा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के बलूचिस्तान में लोगों को जबरन गायब करने की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं। बलूच नेशनल मूवमेंट (बीएनएम) के मानवाधिकार घटक पांक ने रविवार को जारी मासिक रिपोर्ट में बताया कि पाकिस्तान में बलूच समुदाय के लोगों का मानवाधिकार हनन किया जा रहा है।
जून में बलूचिस्तान प्रांत में लोगों को प्रताडि़त करने की चार घटनाएं हुईं, सरेआम मौत की सजा देने की दो घटनाएं और लोगों को बलपूर्वक अपहृत करने की 54 घटनाएं हुई हैं। पाकिस्तानी सेना पर आरोप है कि उन्होंने बलूचिस्तान के 12 जिलों में 54 बलूचों को बंधक बनाया है।इस बीच, पाकिस्तान के क्वेटा के सारियाब रोड से बलपूर्वक अगवा किए गए जहीर बलोच के गायब होने के बाद से बलूचिस्तान प्रांत में लगातार विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। इसके अलावा, एक अन्य कारोबारी ताज मोहम्मद सरपराह के अपहरण के खिलाफ भी ब्रिटेन की राजधानी लंदन की सडक़ों पर भी आवाज उठने लगी है।




















