बसंतपुर हायर सेकेण्डरी स्कूल में नहीं हो रही पढ़ाई

जांजगीर-चांपा। बसंतपुर हायर सेकेंडरी स्कूल में अंग्रेजी एवं विज्ञान शिक्षक की कमी बनी हुई है जिसके कारण 120 छात्रों की पढ़ाई लिखाई प्रभावित हो रही है इस समस्या को लेकर छात्रों ने कलेक्टर से गुहार लगाई है।
गौरतलब है कि बलौदा विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बसंतपुर के हायर सेकेंडरी स्कूल में काफी लंबे समय से विज्ञान एवं अंग्रेजी शिक्षकों की कमी बनी हुई है। जिसके चलते यहां 120 छात्रों की पढ़ाई लिखाई प्रभावित हो रही है। बताया जा रहा है कि जीव विज्ञान पढऩे वाली शिक्षक संतान पालन अवकाश पर चली गई है। वहीं दूसरी ओर यहां पदस्थ अंग्रेजी के शिक्षक को जिला शिक्षा कार्यालय जांजगीर में अटैच किया गया है। जिसके चलते छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार 20 सितंबर को छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस बीच अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराते हुए स्कूल में शिक्षक पदस्थ करने की मांग की है। इसके अलावा छात्रों ने समय पर शिक्षकों के स्कूल नहीं पहुंचने को लेकर भी आपत्ति जताते हुए जांच की मांग की है। छात्रों का कहना है कि कई शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंचते जिसके चलते पढ़ाई लिखाई प्रभावित होती है। इसके अलावा बसंतपुर हाय एवं
हायर सेकेंडरी स्कूल में पढऩे लिखने वाले कुछ छात्र-छात्राएं स्कूल में मोबाइल लेकर भी पहुंचते हैं। ऐसा नहीं कि इस बात की जानकारी संबंधित स्कूल के शिक्षकों को ना हो लेकिन इसके बावजूद छात्रों के स्कूल में मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा सका है स्कूल में मोबाइल ले जाने को लेकर छात्रों ने कलेक्ट्रेट जनदर्शन में शिकायत करते हुए ऐसे छात्रों के खिलाफ भी कार्यवाही की मांग की गई है। वैसे तो बसंतपुर हायर सेकेंडरी स्कूल में टोटल 12 स्टाफ पदस्थ है लेकिन कई शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंचते। जिसके चलते भी छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। इस पर समुचित कार्यवाही की मांग को लेकर छात्रों ने कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा है। इसके पूर्व भी बलौदा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले मड़वा ग्राम पंचायत के स्कूल में पढऩे वाले छात्र छात्राओं ने शिक्षकों की कमी को लेकर पहले ज्ञापन सौंपा था। वहीं मांगे पूरी नहीं होने की स्थिति में स्कूल में तालाबंदी कर दिए थे। इस बात की जानकारी मिलने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य अफसर मौके पर पहुंचे एवं बच्चों को आंदोलन नहीं करने की समझाईश देते हुए स्कूलों में व्यवस्था बनाई गई। इस तरह का मामला कन्या हायर सैकेण्डरी स्कूल बाराद्वार में भी सामने आ चुका है। छात्राएं शिक्षकों की कमी को लेकर आंदोलन कर चुके है। बावजूद इसके सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी आज भी बनी हुई है।

RO No. 13467/11