
जांजगीर- चांपा। बहुजन समाज पार्टी द्वारा आज सक्ती जिले के चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार की सूची जारी की गई। एकल नाम की सूची में लालसाय खूंटे को प्रत्याशी बनाया गया है। लालसाय खूंटे वर्ष 2003 के चुनाव में मालखरौदा विधानसभा से बसपा की टिकट पर ही चुनाव जीते थे मगर शपथ पत्र में सही जानकारी नहीं देने के कारण उच्च न्यायालय ने उनके चुनाव को शून्य घोषित कर दिया था।
बसपा द्वारा चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से लालसाय खूंटे को अपना उम्मीदवार बनाया गया है। बसपा के मैदान में उतर जाने के बाद यहां मुकाबला त्रिकोणीय होगा। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में यहां जकांछ से गठबंधन के साथ बसपा की टिकट पर यहां गीतांजलि पटेल चुनाव मैदान में उतरी थी और उन्हें कांग्रेस के रामकुमार यादव ने 4 हजार 418 वोटों से परास्त किया था। कांग्रेस को 51 हजार 717 वोट मिले थे जबकि बसपा को 47 हजार 299 वोट मिले थे। भाजपा की संयोगिता सिंह जूदेव यहां तीसरे स्थान पर थी। उन्हें 39 हजार 638 वोट मिले थे। इस बार फिर से कांग्रेस और भाजपा के पुराने प्रत्याशी मैदान में हैं जबकि बसपा ने लालसाय खूंटे को यहां से टिकट दी है।
वर्ष 2003 में खूंटे मालखरौदा से बसपा के टिकट पर चुनाव जीते थे मगर उच्च न्यायालय ने निर्मल सिन्हा की याचिका पर उनका चुनाव शून्य घोषित कर दिया था। वर्ष 2007 में यहां उप चुनाव हुआ और भाजपा के निर्मल सिन्हा विजयी हुए थे। इसके बाद हुए परिसीमन में यह विधानसभा विलुप्त हो गया और इसकी जगह पर जैजैपुर विधानसभा गठित हुआ इधर इस बार भी चंद्रपुर में त्रिकोणीय मुकाबला होगा। पिछले चुनाव में बसपा की उम्मीदवार रहीं गीतांजलि पटेल इस साल कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। इस विधानसभा से बसपा की टिकट पर पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा के भी चुनाव लडऩे की चर्चा थी मगर उन्हें टिकट नहीं मिला।
एक ही गांव के कांग्रेस व बसपा प्रत्याशी
चंद्रपुर के कांग्रेस प्रत्याशी रामकुमार यादव और बसपा प्रत्याशी लालसाय खूंटे ग्राम पंचायत जमगहन के रहने वाले हैं। इस तरह दो उम्मीदवार एक ही गांव के रहने वाले हैं। एक ही गांव के निवासियों के बीच चुनावी घमासान होगा।