बारिश से लबालब भरी नैनीताल की झीलें, घरों-दुकानों में भरा पानी, लोग परेशान

नैनीताल, ११ सितम्बर । दो सप्ताह से धूप खिलने के बाद मौसम ने करवट बदली है। शनिवार से करीब 250 मिमी वर्षा होने से नैनी झील का जलस्तर सामान्य से 12 फीट अधिक पहुंच गया है। इसके चलते झील के दो निकासी गेटों को खोलना पड़ा। इसके बावजूद झील के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। दो दिन से लगातार वर्षा एवं कोहरे के कारण नैनीताल में ठंड बढ़ गई। जी-20 सम्मेलन के कारण दिल्ली बंद होने के चलते शुक्रवार से ही यहां पर्यटक पहुंचे थे। लेकिन रविवार को सुबह से शाम तक लगातार वर्षा के कारण नाममात्र के पर्यटक ही होटल व गेस्ट हाउस से बाहर निकल सके। ऐसे में शहर का पर्यटन कारोबार भी प्रभावित रहा। वहीं रविवार को मूसलधार वर्षा से शहर की सड़कें भी जलमग्न हो गईं। झील का जलस्तर भी माल रोड की रेलिंग तक पहुंच गया। इस पर दोनों निकासी गेट पूर्ण क्षमता से खोले जाने के बाद भी रात तक झील लबालब बनी रही। बारिश के दौरान खैरना बाजार क्षेत्र में जलभराव से दुकानदार परेशान रहे। पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बरसाती नाली बंद होने से बारिश का पानी लोगों के घरों व दुकानों में घुस गया। बारिश के पानी के साथ बहकर आई गंदगी भी बाजार क्षेत्र में फैल गई। स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई बार बरसाती नाली खोले जाने की मांग करने के बावजूद कोई सुध नहीं ली जा रही। व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र नेगी, महामंत्री गोविंद सिंह नेगी, मनीष तिवारी, विरेंद्र सिंह बिष्ट, फिरोज अहमद, दीपक सिंह बिष्ट आदि ने व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

RO No. 13467/9