कोरबा। बिजली कर्मचारी संघ और मंडल के अधिकारियों के मध्य कई मुद्दों को लेकर रायपुर में वार्ता हुई। जिसमें कई मांगों को मान लिया गया। संविदा के आधार पर नौकरी कर रहे कर्मचारियों को नियमित सहित कई मुद्दों पर सहमति बन गई है। कुछ मुद्दों पर दिवाली के बाद वार्ता होगी।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बिजली कर्मचारी संघ के द्वारा कई मांगों को लेकर पूरे प्रदेश भर में आंदोलन चलाया जा रहा था। जन जागरण अभियान के साथ-साथ सभी संयंत्रों के सामने धरना प्रदर्शन भी हुआ था। 23 अक्टूबर को मुख्यालय में प्रदर्शन करने वाले थे लेकिन राष्ट्रीय सचिव आर.एस.जायसवाल के प्रयास के बाद बिजली कर्मचारी संघ को वार्ता के लिए बुलाया गया। इस वार्ता में वी.एस.राजपूत, नवरतन बरेठ सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिसमें कहा गया कि संविदा के आधार पर नौकरी कर रहे कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। इसके अलावा डीए व बोनस पर भी चर्चा की गई। बाद में मंडल के द्वारा बोनस देने की घोषणा कर दी गई। बोनस देने की घोषणा होने का अजय मिश्रा, शब्बीर मेमन, मदनमोहन पांडेय, केदार राठौर, संदीप राठौर, सुनीता जायसवाल सहित सभी कर्मचारियों ने स्वागत किया है। अब अगली वार्ता दिवाली के बाद होगी। अगर मांगों को पूरा नहीं किया गया तो पुन: आंदोलन पर बिजली कर्मचारी संघ जा सकते हैं।