
पटना, १५ दिसम्बर । राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की विशेष टीम ने बिहार के गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार की रात म्यांमार के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों के पास से 12 किलो सोना बरामद होने की सूचना है। इसका बाजार मूल्य आठ करोड़ रुपये से अधिक बताया जाता है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार दोनों नागरिक म्यांमार सरकार की पुलिस में लेफ्टिनेंट रैंक के अधिकारी हैं। फिलहाल इनसे सभी पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। ये दोनों बुधवार को दो अलग-अलग विमानों से एयरपोर्ट पर उतरे थे। इन दोनों को रिसीव करने गए अलग-अलग दो स्थानीय तस्करों को भी डीआरआइ ने गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पता चला कि म्यांमार निवासी को रिसीव करने आए दोनों लोग गया एयरपोर्ट पर कार्यरत हैं। इनमें एक एयरलाइंस कंपनी का ग्राउंड स्टाफ है। इसकी निशानदेही पर दो स्थानीय सरगना को भी गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में कस्टम जांच को लेकर एयरपोर्ट पर तैनात अधिकारी की कार्यशैली भी शक के दायरे में है। डीआरआइ की टीम ने गिरफ्तार तस्करों के दो स्थानीय सरगना के गया स्थित आवासों पर भी छापेमारी की। दोनों के आवास से 10 लाख रुपये के अलावा लगभग डेढ़ लाख अमेरिकी डॉलर बरामद किए गए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार म्यांमार के दोनों अधिकारी तस्करी का सोना लाकर इन्हें ही देने वाले थे। यहां से लोग इस सोना को दिल्ली, मुंबई समेत अन्य शहरों में आपूर्ति करते।

























