
संभल, १६ दिसम्बर ।
नखासा थाना क्षेत्र के हिंदूपुरा खेड़ा में अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान आपूर्ति विभाग को एक मकान में 25 सिलेंडर होने की सूचना मिली। विभाग के अधिकारियों मौके पर पहुंचे तो एक साथ इतने सिलेंडर देखकर दंग रह गए। इन सिलेंडरों में 23 खाली और दो भरे हुए मिले। अधिकारियों ने मकान स्वामी से इसकी जानकारी तो वह कोई संतोष जवाब नहीं दे सका। आपूर्ति निरीक्षक ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया और कार्रवाई करने की बात कही। दरअसल, रविवार को हिंदूपुरा खेड़ा में अतिक्रमण हटाओ अभियान की कार्रवाई की जा रही थी। बुलडोजर की मदद से मकानों के आगे बने अवैध स्लैब और सीढिय़ों को तोड़ा जा रहा था। इस दौरान आपूर्ति विभाग को एक घर में बड़ी मात्रा में सिलेंडर होने की जानकारी मिली। सूचना पर आपूर्ति निरीक्षक सजन लाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। घर में 25 सिलेंडर देखकर विभागीय अधिकारियों के होश उड़ गए।
इनमें से 23 सिलेंडर खाली और दो भरे हुए पाए गए। मौके पर मकान स्वामी हाजी रफ्फान से सिलेंडरों के बारे में पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि घर में शादी का आयोजन था। वैवाहिक कार्यक्रम में इन सिलेंडरों का उपयोग किया गया था। अधिकारियों ने सिलेंडर से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया। साथ ही दस्तावेज दिखाने पर वापस करने और 3/7 की कार्रवाई करने की बात कही। आपूर्ति निरीक्षक सजन लाल ने बताया कि सिलेंडरों का इतनी बड़ी मात्रा में घर में रखा जाना नियम उल्लंघन की श्रेणी में आता है। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों का जमा होना आसपास के लोगों के लिए भी खतरा बन सकता है।