
चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा सिरसा ने पवित्र श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग की है।डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह पर लगाए गए श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के आरोपों पर डेरे ने चुप्पी तोड़ी है। डेरे की ओर से कहा गया है कि डेरा प्रमुख पर लगाए गए बेअदबी के समस्त आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं। डेरा सच्चा सौदा सिरसा के प्रवक्ता जितेंद्र खुराना एडवोकेट ने मंगलवार को चंडीगढ़ में कहा कि श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने में डेरा सच्चा सौदा अथवा डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह का कोई हाथ नहीं है।
केवल साजिशवश डेरा प्रमुख को इस केस में फंसाने का काम किया जा रहा है। डेरा प्रमुख ने हमेशा ही सभी धर्मों का आदर सत्कार किया है। बेअदबी करना तो दूर, ऐसी कल्पना भी कभी डेरा सच्चा सौदा के किसी भी सदस्य अथवा डेरा प्रमुख द्वारा नहीं की गई है। जितेंद्र खुराना एडवोकेट ने कहा कि श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के पवित्र अंगों की जो बेअदबी हुई है, उसकी डेरा सच्चा सौदा कड़े शब्दों में निंदा करता है और मांग करता है कि इसकी निष्पक्ष जांच होकर असली दोषियों को सामने लाया जाए तथा उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डेरा प्रमुख को साजिश में फंसाना उचित नहीं है।




























