
गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को सीएचसी पोड़ी में कराया गया भर्ती
कोरबा। ठंड के मौसम में तापमान कम होने और नमी आने के साथ खतरे बढ़ गए हैं। रात्रिकाल में हादसे की न केवल आशंका बढ़ी है बल्कि हादसे भी हो रहे हैं। पिछली रात्रि एनएच-130बी पर एक कार बेकाबू होने के साथ 25 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति मारा गया जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सुबह सूचना होने पर मोरगा पुलिस यहां पहुंची। मृतक के परिजनों की उपस्थिति होने के बाद अगली कार्रवाई की गई।
जिला मुख्यालय से लगभग 95 किलोमीटर दूर अंबिकापुर मार्ग पर मदनपुर इलाके में यह घटना गत रात्रि 11.30 बजे के आसपास होने की खबर है। बांगो पुलिस थाना के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोरबा जिले के सीमांत इलाके से पहले मदनपुर घाट पर हुई इस घटना में अंकित सिंह निवासी अंबिकापुर की मौत हो गई जबकि विवेक कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया गया कि ये दोनों अंबिकापुर लौट रहे थे। चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि रास्ते की समझ के अभाव में तेजी रफ्तार वाहन दुर्घटना का शिकार हुआ है। हाइवे पर उस समय वाहनों का दबाव न्यूनतम होने के कारण जल्द ही इस बारे में किसी को जानकारी नहीं हुई। रात गुजरने पर आज सुबह इस रास्ते से आवाजाही करने वालों का ध्यान नीचे गिरे वाहन पर गया जिसके बाद पुलिस ने वहां का रूख किया। फौरी कार्रवाई करने के साथ दुर्घटना में प्रभावित युवकों के बारे में जानकारी ली गई। आगे खबर करने पर उनके परिजन यहां पहुंचे। इस मामले में मृतक का शव पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जबकि पीडि़त विवेक को पोड़ी उपरोड़ा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मर्ग और अपराध पंजीबद्ध किया है।
दृश्यता की कमी के कारण खतरा
दीपावली पर्व के बाद तापमान में घटा-बढ़ी का दौर जारी है। रात में तापमान का पारा गिरने से समस्याएं बढ़ रही है। ऐसे में दृश्यता का स्तर नीचे जा रहा है। इस दौर में सहज तरीके से आसपास की चीजें नहीं दिखाई देती, इसके लिए वाहन चालकों को रात्रिकालीन आवाजाही के दौरान सतर्कता बरतने की जरूरत है। जरा सी भी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है। विभिन्न क्षेत्रों में इसके लिए जागरूकता फैला जा रही है।