
बीजिंग, २१ नवंबर । ब्रिक्स समूह के वर्तमान अध्यक्ष दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने आज (मंगलवार) को गाजा की स्थिति पर ब्रिक्स देशों के समूह का वर्चुअल शिखर सम्मेलन बुलाया है।चीन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने बताया कि दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के निमंत्रण पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इजरायल-हमास संघर्ष मुद्दे पर ब्रिक्स वर्चुअल सम्मेलन में भाग लेंगे और बीजिंग का पक्ष रखेंगे। दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति रामफोसा बैठक को शुरुआत में संबोधित करेंगे। इस दौरान सदस्य और आमंत्रित देश गाजा में मौजूदा मानवीय संकट पर देश के बयान भी देंगे। सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी भाग लेंगे। सम्मेलन में अंत में सभी नेताओं से गाजा के संदर्भ में संयुक्त वक्तव्य दिए जाने की उम्मीद है। जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शामिल होंगे। सऊदी अरब, अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात के नेता इस सम्मेलन में भाग लेंगे। ये सभी देश साल 2024 के जनवरी महीने में ब्रिक्स का हिस्सा बनेंगे। दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति ने जानकारी दी कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी भाग लेंगे।इजरायल-हमास युद्ध को लेकर अमेरिका सहित ज्यादातर पश्चिमी देश इजरायल के साथ कंधे से कंधा मिलकर खड़े हैं। वहीं, भारत आतंकवाद के खिलाफ है और समस्याओं का क्षेत्रीय अशांति को सुलझाने की पेशकश करता आया है। 7 अक्टूबर से चल रहे इस युद्ध में अब तक गाजा में 13,300 लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें 5,000 से अधिक बच्चे हैं।





















