
कोरबा। बांकी ब्लाक के अध्यक्ष गणेश महंत के निधन के बाद अभी तक ब्लाक अध्यक्ष के पद पर किसी भी व्यक्ति की नियुक्ति नहीं हो पायी है। बल्कि त्रिभुवन कंवर को बांकी जोन का अध्यक्ष बनाया गया है।
उनके द्वारा संगठन का काम देखा जाएगा। ब्लाक अध्यक्ष पद के लिए संजय आजाद व टीकाराम मनहर के नाम सामने आये थे। विधानसभा चुनाव की घोषणा के पहले ब्लाक अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति की जानी थी। वर्तमान में त्रिभुवन कंवर बांकी जोन के अध्यक्ष हैं और संगठन का काम देखने के लिए पांच सेक्टर अध्यक्ष बनाये गए हैं। सेक्टर अध्यक्ष टीकाराम मनहर, शैलेन्द्र मिश्रा, मोहन लदेर, सुरेश चौधरी, शिवरतन कंवर संगठन का कार्य देखेंगे। इसी तरह कुसमुंडा ब्लाक अध्यक्ष सनिश कुमार ने बताय कि यहां भी दो जोन बनाए गए हैं। सुराकछार में शत्रुहन श्रीवास व कुसमुंडा जोन में डाँ केशव सराफ संगठन का कार्य देखेंगे। श्री सराफ को इमली छापरव व विकास नगर वार्ड का प्रभार दिया गया है। चुनाव को देखते हुए कई कांग्रेसियों का मानना है कि ब्लाक अध्यक्ष के पद पर कभी भी किसी व्यक्ति की नियुक्ति हो सकती है। अभी भी कई कार्यकर्ता प्रयास में लगे हुए हैं।