अंबिकापुर। खाद्य मंत्री व सीतापुर से कांग्रेस प्रत्याशी अमरजीत भगत व उनकी धर्मपत्नी कौशल्या भगत के पास 7.55 करोड़ रुपये की संपत्ति है। मंत्री भगत की संपत्ति पांच वर्ष पहले के लगभग ही है लेकिन उनकी धर्मपत्नी की संपत्ति में वृद्धि हुई है। पांचवी बार सीतापुर से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे खाद्य मंत्री ने नामांकन पत्र के साथ संपत्ति का जो ब्यौरा दिया है उसके अनुसार भगत दंपती 7.55 करोड़ के मालिक हैं। वर्ष 2918 में उनकी संपत्ति 5.87 करोड़ थी। नामांकन के साथ खाद्यमंत्री ने घोषणापत्र में स्वयं व उद्यमी पत्नी कौशल्या भगत की संपत्ति घोषित की है। अमरजीत भगत ने हाथों में नकद 8.45 लाख , बैंकों में जमा राशि, बीमा, सोने-चांदी के जेवर एवं एक वाहन सहित अपनी चल संपत्ति 52 लाख 20 हजार 82 रुपये घोषित की है। वर्ष 2018 में उन्होंने 72 लाख रुपये की चल संपत्ति घोषित की थी।
वहीं उनकी उद्यमी पत्नी कौशल्या भगत की चल संपत्ति में 8.15 लाख रुपये नकद सहित बैंक, बीमा, सोने-चांदी के जेवर सहित कुल चल संपत्ति एक करोड़ 14 लाख रुपये बताई गई है। इसमें उनके स्वामित्व की पाइप फैक्ट्री शिव शक्ति इंडस्ट्रीज में निवेश 66.91 लाख रुपये शामिल है। वर्ष 2018 में कौशल्य भगत के नाम चल संपत्ति 94.11 लाख रुपये घोषित की गई थी। पिछले पांच वर्षों में अमरजीत भगत के अचल संपत्ति में कोई वृद्धि नहीं हुई है। वर्ष 2018 में उन्होंने कृषि भूमि एवं बौरीपारा स्थित आवास एवं रायपुर सहित अन्य स्थानों पर मकान एवं कृषि भूमि को मिलाकर अचल संपत्ति 2.51 करोड़ रुपये घोषित की थी। वर्ष 2023 में उन्होंने अचल संपत्ति का मूल्य 2.62 करोड़ रुपये बताया है। घोषणापत्र के अनुसार पिछले पांच वर्षों में अमरजीत भगत की पत्नी कौशल्या भगत की अचल संपत्ति में वृद्धि हुई है। वर्ष 2018 में अमरजीत भगत ने पत्नी के नाम एक करोड़ 59 लाख रुपये की अचल संपत्ति घोषित की थी। पांच वर्षों में पत्नी की अचल संपत्ति बढक़र दो करोड़ 87 लाख 13 हजार रुपये हो गई है। पुत्रों का विवाह होने एवं उनके स्वयं का कार्य स्थापित होने के कारण वे अलग परिवार माने गए हैं। नामांकन पत्र के साथ अमरजीत भगत ने अपने और पत्नी के संपत्ति का ब्यौरा दिया है। शपथ पत्र के अनुसार मंत्री अमरजीत भगत पर बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं से ऋण 17 लाख 35 हजार रुपये एवं पत्नी कौशल्या भगत पर ऋण 24 लाख 45 हजार रुपये है। वर्ष 2018 में उन्होंने स्वयं पर देनदारी 86.91 लाख रुपये एवं पत्नी पर देनदारी 65 लाख 42 हजार रुपये घोषित की थी। कुल देनदारी 1.52 करोड़ रुपये थी। अमरजीत भगत सीतापुर से चार बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। 15 वर्ष तक वे विपक्ष के विधायक थे। 2018 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनी तो उन्हें खाद्य विभाग की बड़ी जबाबदारी दी गई थी। वर्ष 2008 में अमरजीत भगत ने परिवार की कुल संपत्ति एक करोड़ 25 लाख 72 हजार रुपये घोषित की थी। वर्ष 2008 में उन्होंने ऋण की राशि 29.47 लाख रुपये बताई थी। वर्ष 2013 में अमरजीत भगत ने अपने परिवार की कुल संपत्ति दो करोड़ 94 लाख 99 हजार रुपये बताई थी। वर्ष 2013 में उनकी देयता 22 लाख 76 हजार रुपये थी। वर्ष 2018 में उन्होंने संपत्ति 5.87 करोड़ रुपये एवं देयता एक करोड़ 52 लाख रुपये घोषित किया था। वर्ष 2023 में अमरजीत भगत ने स्वयं व पत्नी की कुल संपत्ति सात करोड़ 55 लाख रुपये घोषित की है।