
कोरिया/बैकुण्ठपुर। विधानसभा निर्वाचन 2023 की घोषणा किये जाने पश्चात जिले में दण्ड प्रक्रिया सहित की धारा-144 प्रभावशील है, जिसके अनुसार आमसभा, रैली, जुलूस एवं धरना आयोजित करने के पूर्व उसकी विधिवत सूचना व अनुमति कानून व्यवस्था से जुड़े सक्षम अधिकारी को लिखित मे लेना- देना आवश्यक है। जिला कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने कोरिया जिले के सोनहत थाना हेतु गठित उडऩदस्ता दल (एफ.एस.टी) द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 01 भरतपुर-सोनहत के अंतर्गत तहसील सोनहत क्षेत्र में 15 अक्टूबर 2023 को भरतपुर-सोनहत विधानसभा के महिला प्रत्याशी श्रीमती रेणुका सिंह द्वारा जनसम्पर्क का कार्यक्रम किया गया। जानकारी के मुताबिक उडऩदस्ता दल (एफ.एस.टी) द्वारा कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिग की क्लिप सहित प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार धारा 144 द.प्र.सं. आदर्श आचार संहिता एवं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशो का उल्लघंन किया जाना पाया गया। प्रत्याशी श्रीमती रेणुका सिंह द्वारा इस कार्यक्रम हेतु सम्बंधित कार्यालय से कोई अनुमति प्राप्त नही की गई थी और न ही विधानसभा भरतपुर-सोनहत के रिटर्निग ऑफिसर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भरतपुर से जारी कोई अनुमति पत्र उडऩदस्ता दल को अवलोकन हेतु प्रस्तुत किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लंगेह तत्काल मामले को संज्ञान में लिया व सम्बंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त भी की। श्रीमती सिंह कार्यक्रम के दौरान लगभग 40 चार पहिया वाहनों का काफिला शामिल किया गया था। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशो के अनुसार काफिले में शामिल 10 वाहनों के बाद 200 मीटर की दूरी रखा जाना चाहिए, किन्तु कार्यक्रम के दौरान इन निर्देशो का उल्लघंन किया गया। ग्राम पहाड़पारा एवं कटगोड़ी में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान काफिले में वाहनों की अधिकता एवं उन्हें सड़क पर बेतरतीब खड़े किये जाने के कारण आम लोगों का आवागमन बाधित हुआ। ग्राम पहाड़पारा, कटगोड़ी, घुघरा, कैलाशपुर, केशगंवा, सोनहत, पोड़ी, रजौली, भैंसवार, चकडांड़, बुड़ार एवं पुसला चौक में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक स्थान पर लगभग 80 से 100 की संख्या में लोग उपस्थित थे और यह भेंट मुलाकात कार्यक्रम नुक्कड़ सभा के स्वरूप में आयोजित किया गया। कैलाशपुर चौक से सोनहत तक बाईक रैली निकाली गई, जिसमें लगभग 50 बाईक शामिल थे। बाईक रैली हेतु भी सक्षम अधिकारी से कोई अनुमति प्राप्त नही की गई थी। ऐसी तमाम कारणों के कारण कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैकुंठपुर-सोनहत विधानसभा के महिला प्रत्याशी श्रीमती रेणुका सिंह को धार 144 दं.प्र.सं एवं आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर समुचित जानकारी के साथ उपलब्ध कराने का उल्लेख किया गया है। भरतपुर सोनहत विधानसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह का सोनहत मंडल मे भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।सोनहत प्रवेश पर उनके साथ पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े भी मौजूद रहे।उन्होंने प्रत्याशी के समर्थन में कार्यकर्ताओं को पूरी लगन से जुट जाने का आह्वान किया। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह को भरतपुर सोनहत का प्रत्याशी बनाकर बड़ा दाव चला है।तेजतर्रार छवि की भाजपा नेत्री रेणुका को लेकर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं व जनता मे काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। आज सोनहत के दर्जन भर से अधिक स्थानों पर आतिशबाजी व फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। भाजपाप्रत्याशी घोषित होने के बाद पहली बार विधानसभा क्षेत्र के सोनहत पहुचने पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रेणुका सिंह ने कहा कि कोरिया की बेटी अपने मायके आई है। कोरिया जिले के मेरे भाई- बहन अपना आशीर्वाद देकर मुझे जनता की सेवा अवसर जरूर देंगे। मै आप सभी के ऐतिहासिक स्वागत व स्नेह से अभिभूत हूं। भरतपुर सोनहत विधानसभा के विधानसभा के नक्शे मे भले ही एक नंबर हो लेकिन विकास के लिए अंतिम पायदान पर है । आप सबसे समर्थन व प्रयास से इस विधानसभा मे कमल खिलाना है और विकास की गंगा बहानी है।कार्यक्रम मे पूर्व मंत्री भैया लाल राजवाड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, विधानसभा प्रभारी देवेंद्र तिवारी,मंडल अध्यक्ष ईश्वर राजवाड़े पूर्व जिपं उपाध्यक्ष ओमेश्वरी राजवाड़े,जिला महामंत्री रामलखन सिंह, जिला मंत्री नवरत्न पांडेय, महामंत्री केपी सिंह, मनोज साहू ने प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन मांगा।
























