
रायपुर। राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी ने विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के दौरान नारायणपुर के भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या और टेरर फंडिंग की जांच शुरू करते हुए बस्तर में तकरीबन 10 जगह छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार एक और टीम ने गरियाबंद में पोलिंग पार्टी पर नक्सली हमले की जांच के सिलसिले में तीन-चार परिसरों पर छापे मारे हैं। ज्यादातर छापे उन परिसरों पर पड़े हैं, जिनके नाम नक्सलियों से नजदीकियों को लेकर उठते रहे हैं। एनआईए ने आधा दर्जन से ज्यादा मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा बस्तर छापे में लगभग 10 लाख रुपये और गरियाबंद केस से जुड़े छापे में लगभग तीन लाख रुपये जब्त करने की जानकारी है।
जिसके मुताबिक एनआईए ने बस्तर में नारायणपुर जिले के तोयनार, कौशलनार, धौड़ाई, कोंगेरा और बड़े नहोद गांवों पर 10 से ज्यादा जगह छापे मारे हैं। सभी गांव नक्सल प्रभावित हैं। यहां से एनआईए ने कई मोबाइल फोन, एक टैबलेट, 9.90 लाख रुपये तथा नक्सली पर्चे भी बरामद किए हैं। छापे में एनआईए को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।





























