पटना, १९ जुलाई ।
विधानसभा मार्च के दौरान बीते गुरुवार को भाजपा नेता विजय सिंह की मौत के मामले में गांधी मैदान थाना पुलिस ने मंगलवार को घटना स्थल का निरीक्षण किया।अपराह्न करीब चार बजे गांधी मैदान थानाध्यक्ष अरुण कुमार पुलिस टीम के साथ छज्जूबाग पहुंचे। इस क्रम में उन्होंने वहीं घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। इस दौरान उनके अधिवक्ता भी थे। थानाध्यक्ष के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन लोगों ने विजय सिंह को सडक़ पर गिरा देखा था। उनके साथी उनकी छाती को दबा रहे थे। हालांकि, वे यह नहीं बता सके कि घटना कैसे हुई।बता दें कि विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया था।
इस क्रम में पुलिस के लाठीचार्ज में कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए थे। छज्जू बाग में भाजपा के जहानाबाद जिला महामंत्री विजय सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।घटना के बाद एसएसपी ने उनकी मृत्यु का कारण लाठीचार्ज अथवा भगदड़ में होने से इन्कार किया था। मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।