भाजपा पर्यवेक्षक ने सभापति हेतु बैठक आयोजित कर की रायशुमारी

कोरबा । कोरबा नगर निगम भाजपा पार्षद दल की एक महत्वपूर्ण बैठक दीनदयाल कुंज में संपन्न हुई। जिसमें भाजपा पर्यवेक्षक रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा भी शामिल हुए। उन्होंने सभापति के लिए पार्षदों से एक-एक कर चर्चा की। लेकिन किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पायी। चार दावेदारों का एक पैनल बनाया गया है। जिसमें से एक नाम पर प्रदेश नेतृत्व निर्णय लेगा। रायपुर विधायक और पर्यवेक्षक ने कहा कि जनता ने भाजपा को भरपूर समर्थन दिया है। महापौर और पार्षदों को अब जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए काम करना होगा। अब तक सभापति के लिए 4 नाम सामने आए हैं। जिसमें नरेंद्र देवांगन, पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, अशोक चावलानी और चंद्रलोक सिंह का नाम शामिल है। निगम में इस बार अधिकांश भाजपा पार्षद नए हैं। 67 वार्डों में 45 पार्षद भाजपा के हैं। इस वजह से दूसरे पार्षदों का सहयोग लेना नहीं पड़ेगा। इसमें जातिगत समीकरण के साथ ही क्षेत्र को लेकर भी निर्णय हो सकता है। लेकिन अंतिम निर्णय अब प्रदेश नेतृत्व को ही करना पड़ेगा। बैठक में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, जिला संगठन प्रभारी गोपाल साहू, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर, नवनिर्वाचित महापौर संजू देवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन गर्ग, महामंत्री संतोष देवांगन, अशोक चावलानी के साथ ही मंडल अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

RO No. 13467/10