भाजपा प्रत्याशियों ने दाखिल किए नामांकन

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को नामांकन रैली और आम सभा में जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
नामांकन से पहले घंटाघर चौक में हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं जिले भर से आए कार्यकर्ता सहित नगरजन एकत्र हुए। यहां पर प्रत्याशी लखनलाल देवांगन कोरबा, ननकीराम कंवर रामपुर, प्रेमचंद पटेल कटघोरा व रामदयाल उईके पाली-तानाखार सहित वरिष्ठ पदाधिकारी खुले वाहन में सवार हुए। सुसज्जित खुले वाहन में सवार चारों प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं का काफिला घंटाघर मैदान के सामने से प्रारंभ हुआ और कोसाबाड़ी चौक तक रैली की शक्ल में पहुंचा। इस दौरान पूरे मार्ग में पार्टी का झंडा को हाथ में लिए कार्यकर्ता जोश में दिखाई दिए। गगनभेदी नारे और करमा दलों की थाप पर कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशियों के जीत के लिए वोट देने की अपील करते रहे। घंटाघर से कोसाबाड़ी चौक तक की दूरी लगभग एक घंटे में तय की जा सकी। सभी प्रत्याशी कोसाबाड़ी चौक से पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचे और विधिवत नामांकन दाखिल किया।
रैली के पूर्व सभा को संबोधित करते हुए रामपुर विधायक व प्रत्याशी ननकीराम कंवर ने कहा कि कांग्रेस की इस भ्रष्टाचारी सरकार को बदलने के लिए कार्यकर्ता तैयार रहें। लखनलाल देवांगन ने कहा कि नगर निगम में पिछले 10 वर्षों से विकास कार्य ठप्प हैं। किसी भी नई परियोजना पर कार्य नहीं किया गया है। जब वे महापौर थे तब उन्होंने श्रमिक बस्तियों सहित पूरे शहर में विकास का जाल बिछाया था।
पाली-तानाखार से प्रत्याशी रामदयाल उईके ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ जमकर माहौल है। सभी वर्ग के लोग इनके कामकाज से दुखी हैं। ऐसे में संभावना है कि सभी चार सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत होगी। कटघोरा प्रत्याशी प्रेमचंद पटेल ने कहा कि वे इन दिनों गांव-गांव में घूम रहे हैं लेकिन कहीं पर भी विकास कार्य नहीं दिख रहा है। नामांकन सभा और रैली में मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी के संभागीय प्रभारी अनुराग सिंहदेव, कोरबा के सह प्रभारी गोपाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जोगेश लांबा, कोरबा विधानसभा के चुनाव संचालक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चावलानी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र पाण्डेय, पूर्व जिला महामंत्री नवीन पटेल, भाजपा नेता व पूर्व कलेक्टर आरपीएस त्यागी, नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल, पार्षद सुश्री रितु चौरसिया, भाजपा, भारतीय जनता युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित भाजपा के सभी मंडल पदाधिकारी व कार्यकर्तागण हजारों की संख्या में उपस्थित रहे।
भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने वाले अर्जुन मुण्डा चिरमिरी में आयोजित कार्यक्रम में देरी होने के कारण कोरबा के कार्यक्रम में समय पर नहीं पहुंच सके। विलंब से पहुंचे झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री व केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस सरकार के राज में सर्वत्र भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यहां की जनता भाजपा के पूर्व के 15 वर्ष के कामकाज को याद कर रही है और 5 साल के कांग्रेस के कार्यकाल से ऊब चुकी है, ऐसे में यह चुनाव बदलाव का संकेत है। मतदाताओं और जनता के उत्साह से जो माहौल दिख रहा है उससे छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनना तय है।

RO No. 13467/9