
वितरण करने वालों को हुई परेशानी
कोरबा। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद से कोरबा जिले में कुछ अलग ही माहौल है। अलग-अलग कारणों से भिन्न-भिन्न क्षेत्र से संबंधित लोगों का भाजपा प्रवेश शामिल है। पिछली रात आयोजित हुए भाजपा प्रवेश कार्यक्रम में भगवा गमछा पाने को लेकर लूटमार की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान वितरण करने वाले जमकर परेशान हुए। उन्हें जली-कटी भी सुननी पड़ गई।
वार्ड नं.3 के अंतर्गत आने वाले इलाके में भाजपा की ओर से यह कार्यक्रम किया गया। इसका केंद्र बिंदु जोगी कांग्रेस के लोगों का प्रवेश था। भाजपा ने अन्य संबंधितों को भी अपने क्षेत्र से इच्छुक लोगों को लाने को कहा था, जो भाजपा से जुडऩे का मन रखते हैं। इस तरह की सूचनाओं के बीच हल्ला हो गया कि मौके पर भोजन भी है और अन्य कार्यक्रम भी। सूचना का असर ऐसा हुआ कि मतदाता केटेगरी में आने वाले लोग भाजपा में शामिल होने की मंशा से तो पहुंचे ही, अपने साथ बच्चों से लेकर किशोरों को भी ले आए। भाजपा प्रवेश कार्यक्रम के अंतर्गत केवल उन लोगों को भगवान गमछे दिए जाने थे जो पार्टी में शामिल हो रहे हैं। पता चला कि प्रत्याशी के मंच पर पहुंचने के साथ ही गमछा वितरण का कार्यक्रम शुरू कर दिया गया। अलग-अलग क्षेत्र में जो लोग वितरण कर रहे थे, कई लोगों ने वहां से गमछे लूटना शुरू कर दिया। ऐसे में वितरणकर्ता की फजीहत हो गई। हालात ऐसे बने कि किसी के पास एक गमछा नहीं आया तो किसी ने मनमाने तरीके से इन्हें दबा लिया। इस दौरान कई तस्वीरें ऐसे भी आईं जो मोबाइल पर कैद हुई है। इस प्रकार की स्थिति देखने के बाद भविष्य में इस तरह का कार्यक्रम किया जाए या नहीं, इस बारे में अब विचार मंथन चल रहा है। इसके साथ ही अब भाजपा में इस बात को लेकर भी चिंता है कि दूसरे दलों से जो लोग हमारी पार्टी में आ रहे हैं क्या उनके वोट हासिल भी होंगे।
























