भाजपा विधायक के खिलाफ फेंके पर्चे, हिस्ट्रीशीटर, किलर, तस्कर तक बताया

उदयपुर, १६ फरवरी ।
वल्लभनगर से विधायक भाजपा नेता उदयलाल डांगी के खिलाफ रात के अंधेरे में पर्चे फेंके गए। पर्चे में विधायक को अतिक्रमण करने वाला, हिस्ट्रीशीटर, हत्या का आरोपी और तस्कर बताया जा रहा है। यह पिछले पांच महीनों से हर माह दो बार हो रहा है, लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों को पकडऩे में नाकाम रही है। सूत्रों के अनुसार, अज्ञात लोग हर महीने दो बार वल्लभनगर के विभिन्न गांवों में रात के समय पर्चे फेंक रहे हैं। सबसे अधिक पर्चे नवानिया गांव में बंटे हैं। हाल ही में कोर्ट परिसर, रूंडेड़ा और नवानिया गांव की गलियों में दो पृष्ठों के टाइप किए हुए पर्चे पाए गए, जिनमें विधायक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। विधायक उदयलाल डांगी ने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा है कि वे जनता की सेवा और विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्हें बदनाम करने के लिए विपक्षी दलों द्वारा यह षड्यंत्र रचा जा रहा है।
पर्चों में निवेदक पटेल समाज लिखा हुआ है, जबकि पटेल समाज उनका अपना है। अक्टूबर 2024 में पहली बार हाथ से लिखे पर्चे बांटे गए थे, जिसके बाद विधायक के पीए हेमंत चौबीसा ने वल्लभनगर थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बावजूद पर्चे बांटने का सिलसिला थमा नहीं। अब ये पर्चे टाइप किए हुए मिलने लगे हैं।विधायक की शिकायत के बाद पुलिस ने तहसील परिसर में दो सीसीटीवी कैमरे लगवाए, लेकिन अब तक कोई भी आरोपी पकड़ा नहीं जा सका है। वल्लभनगर थानाधिकारी दिनेश पाटीदार का कहना है कि विधायक की रिपोर्ट पर जांच जारी है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और कुछ स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

RO No. 13467/10