
चंडीगढ़, 0६ जनवरी ।
हरियाणा के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य में संविधान बचाओ रैलियां और पदयात्राएं करने का निर्णय लिया है। गुटों में बंटी कांग्रेस यह रैलियां 26 जनवरी तक प्रदेश के सभी ब्लाक अथवा विधानसभा स्तर पर आयोजित करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट की ओर से इन रैलियों व पदयात्राओं के आयोजन का कार्यक्रम घोषित किया गया है। कांग्रेस महासचिव कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला गुट हुड्डा खेमे के साथ इन रैलियों व पदयात्राओं में शामिल नहीं होगा। सैलजा व सुरजेवाला गुट द्वारा अलग से इनके कार्यक्रम घोषित करने की संभावना है। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर संविधान बचाओ रैलियों का कार्यक्रम जारी किया है। उदयभान के अनुसार 26 दिसंबर को कर्नाटक में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद 27 दिसंबर को एक रैली के साथ जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान की शुरूआत होनी थी। साल 1924 में हुए कांग्रेस के बेलगावी अधिवेशन के 100 साल पूरे होने पर 26 और 27 दिसंबर को पार्टी ने विशेष अधिवेशन रखा था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के कारण इसे रोक दिया गया था। औपचारिक रूप से अभियान की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन इसका समापन 26 जनवरी को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली मध्य प्रदेश के महू में होगा।
अभियान के बारे में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि महात्मा गांधी की विरासत और संविधान को बचाने के लिए हर ब्लाक, जिले और राज्य में रैलियां की जानी हैं। जरूरत पडऩे पर अभियान 26 जनवरी के बाद भी जारी रह सकता है। उदयभान ने प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, विधायकों व सांसदों के नाम लिखे पत्र में कहा है कि प्रदेश भर में जिला व ब्लाक स्तर पर रैलियों का आयोजन किया जाए व मार्च निकाले जाएं, जिसके माध्यम से संवैधानिक मूल्यों को सुरक्षित करने के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत किया जा सकेगा।