भालू से बालक की जान बचाने वन विभाग के सुरक्षा कर्मचारी ने दिखाया साहस

अंबिकापुर। मैनपाट के डांडकेसरा में भालू के हमले से बालक जख्मी हो गया। वन विभाग के सुरक्षा कर्मचारी ने साहस का परिचय देते हुए भालू पर टांगी से प्रहार किया तो भालू ,बालक को छोडक़र तेजी से जंगल की ओर भाग गया। बालक को कमलेश्वरपुर में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। मैनपाट के डांडकेसरा निवासी कृपालु यादव ने घर से कुछ दूरी पर मवेशियों को रखने व्यवस्थित झाला बनाया है। सोमवार को उसका पुत्र संदीप यादव (13) मवेशियों को रखे स्थान की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक झाडिय़ों से एक भालू बाहर निकला। बालक कुछ समझ पाता उसके पहले ही भालू ने उसपर हमला कर दिया। उसकी आवाज सुनकर नजदीक में स्थित वन विभाग की नर्सरी में ड्यूटी कर रहा सुरक्षा कर्मचारी जीवित राम ने साहस व सूझबूझ से भालू की ओर दौड़ा। उसने अपने पास एक टांगी रखा था।उसने भालू के ऊपर टांगी से वार करना शुरू कर दिया। अचानक धारदार हथियार से आई चोट से भालू ने बालक को छोड़ दिया। वह तेजी से जंगल की ओर भागा। घायल बालक को सिविल अस्पताल कमलेश्वरपुर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल शिफ्ट किया गया है। बालक की प्राणरक्षा के लिए चौकीदार की सराहना हो रही है। सुरक्षा कर्मचारी की आयु भी लगभग 50 वर्ष की है।

RO No. 13467/11