भिलाई। शनिवार की रात को पार्श्वनाथ मंदिर के पीछे दुर्ग से दल्ली राजहरा रेलवे ट्रैक पर दो लड़कों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों किशोर रिसाली के रहने वाले थे और एक ही स्कूल में दोनों साथ में पढ़ते थे। ट्रेन के लोको पायलेट ने पुलिस को जानकारी दी है कि घटना के समय दोनों किशोर रेल पटरी पर बैठकर अपने अपने मोबाइल पर कुछ देख रहे थे। हार्न बजाने पर भी वे वहां से नहीं हटे और हादसे का शिकार हो गए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों मोबाइल पर गेम खेलने के आदी हो चुके थे और एक साथ ही बैठकर गेम खेलते थे। पद्मनाभपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में सरस्वती कुंज रिसाली निवासी पूरन कुमार साहू (14) और आशीष नगर रिसाली निवासी वीर सिंह (13) की मौत हुई है। दोनों शारदा विद्यालय में कक्षा नवमीं के छात्र थे। शनिवार की शाम को करीब छह बजे वे दोनों एक साथ घर से निकले थे। घटना स्थल उनके घर से थोड़ी ही दूरी पर है। वे दोनों रात करीब आठ बजे दुर्ग-दल्ली राजहरा ट्रेन की चपेट में आए हैं।
प्रारंभिक जांच में तो यही पता चला है कि दोनों किशोर रेल पटरी पर बैठकर एक साथ गेम खेल रहे थे और हादसे का शिकार हो गए। घटना के कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस दोनों के मोबाइल की जांच कर रही है। साथ ही दोनों मृतकों के परिवार वालों से भी पूछताछ की जाएगी। मृतक पूरन साहू के पिता सुनील कुमार साहू भी निजी स्कूल में शिक्षक हैं। वहीं वीर सिंह के पिता हरदीप सिंह फाइनेंस संबंधी काम करते हैं।