
थुनागसराज, 0४ अगस्त [एजेंसी]।
विधानसभा क्षेत्र की लंबाथाच-कल्हणी सडक़ भारी वर्षा के कारण हुए भूस्खलन से करीब एक माह से बंद है। करीब 15 दिन पहले टंग्रू नाले में बाढ़ आने के कारण इस सडक़ का 20 मीटर हिस्सा बह गया था। सडक़ बंद होने के कारण कल्हणी व भाटकीधार पंचायतों के 15 गांवों का संपर्क कटने से यहां तैयार हुई बंदगोभी व फूलगोभी की फसल को किसानों ने खेतों में फेंक दिया है। लोक निर्माण विभाग ने पहले भाटकीधार पंचायत तक सडक़ बहाल की थी। टंग्रू नाले में बाढ़ आने से दोनों पंचायतों के डगैहल, थाच, झुघाणी, घाट, बादंली, हरनाच, सराची, लुगाड़ी, कल्हणी सहित अन्य गांवों का संपर्क कटा है। नाले में अब भी मलबा आ रहा है।किसानों ने गोभी की फसल सब्जी मंडी तक ले जाने के लिए रखी थी जो सडक़ बंद होने के कारण फंस गई। किसानों ने इस फसल को खेतों में ही फेंक दिया। कल्हणी पंचायत के गांव डगैहल के निवासी किसान शेष राम व नरेश कुमार ने कहा कि सब्जी मंडी तक फसल नहीं पहुंच पा रही है।शेष राम ने बंदगोभी व फूलगोभी की 10 क्विंटल और नरेश ने सात क्विंटल फसल खेत में ही फेंक दी। कुछ फसल उन्होंने पशुओं को खिला दी। उन्होंने कहा कि कुछ फसल घर पर भी रखी है। अगर सडक़ जल्द बहाल न हुई तो यह फसल भी खराब हो जाएगी। किसान कमल ने कहा कि उनकी बंदगोभी व फूलगोभी की 30 क्विंटल से ज्यादा फसल थी। वह एक किलोग्राम फसल भी नहीं बेच पाए हैं। करीब 15 गांवों में भी बंदगोभी व फूलगोभी की फसल तैयार है, जिसे मंडी तक नहीं पहुंचाया जा सका है। कई और किसानों ने भी अपने खेतों ही सब्जियों को फेंकना शुरू कर दिया है।
गत दिनों सब्जी मंडी में फूलगोभी व बंदगोभी 60 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रही थी।अब फसल मंडी तक न पहुंचने से उन्हें काफी नुकसान हो रहा है। सडक़ अवरुद्ध होने की जानकारी लोक निर्माण विभाग को दे दी थी। विभाग दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी डंगे का काम शुरू नहीं कर पाया है। -खीरामणी, पंचायत प्रधान, कल्हणीवर्षा के कारण सडक़ बहाली में दिक्कत आ रही है। मौसम साफ होते ही डंगे का काम शुरू किया जाएगा।