भोपाल। लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बुधवार को तकनीकी शिक्षा विभाग में कार्यरत एक शासकीय कर्मचारी के संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में स्थित निवास व गांधी नगर स्थित अन्य ठिकानों पर छापामार कार्रवाई कर आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच-पड़ताल शुरू की। लोकायुक्त टीम ने एक साथ छह ठिकानों पर छापा मारा। जानकारी के अनुसार सतपुड़ा भवन स्थित शिक्षा सचिवालय के तकनीकी शिक्षा विभाग में जूनियर ऑडिटर के तौर पर पदस्थ रमेश हिंगोरानी के बंगले पर छापामार कार्रवाई की है। रमेश हिंगोरानी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत लोकायुक्त को मिली थी। लोकयुक्त की छह टीमों ने उनके निवास एवं गांधी नगर स्थित तीन स्कूलों में जांच-पड़ताल शुरू की।
लोकायुक्त डीएसपी संजय शुक्ला ने बताया कि गांधीनगर के तीन स्कूलों में भी कुछ दस्तावेज मिले हैं। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। कुछ दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जेवरात का भी आकलन किया जा रहा है। प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आरोपित के ठिकानों से करोड़ों रुपए की चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। इसी के साथ भारी मात्रा में गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी मिली है। हिंगोरानी के बंगले पर क्रेटा और स्कॉर्पियो समेत 4 लग्जरी कारें और 5 दोपहिया वाहन मिले।