
रांची, 01 फरवरी । झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ईडी द्वारा गिरफ्तारी पर तंज कसते हुए भाजपा ने बुधवार को इसे विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए के भ्रष्टाचार में जुड़ी एक और महान उपलब्धि बताया। वहीं, कांग्रेस ने कहा कि ईडी का इस्तेमाल करके सोरेन को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर करना संघवाद पर आघात है।झारखंड में घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर पोस्ट में कहा, झारखंड से विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए में भ्रष्टाचार की एक और महान उपलब्धि जुड़ गई है। पूनावाला ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा और कहा, एक वक्त था जब केजरीवाल लालू, सोरेन, सोनिया को गिरफ्तार करने की मांग करते थे। इन दिनों वह इन सभी का बचाव करते हैं क्योंकि वह खुद भी शराब घोटाले (आबकारी नीति घोटाला) के मुख्य साजिशकर्ता हैं। भाजपा के राज्यसभा सदस्य और झारखंड इकाई के पूर्व प्रमुख दीपक प्रकाश ने कहा, झारखंड के लोगों को आज न्याय मिल गया। अपने चार वर्ष के कार्यकाल में हेमंत सोरेन ने झारखंड को लूट-खंड में बदलने की कोशिश की। वह सभी घोटालों- शराब घोटाले, भूमि घोटाले और खनन घोटाले के राजा हैं।उनके समर्थकों ने भी झारखंड को खूब लूटा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर पोस्ट में कहा, जो मोदी जी के साथ नहीं गया, वो जेल जाएगा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पीछे ईडी लगाकर उन्हें त्यागपत्र देने को मजबूर करना संघवाद पर आघात है। उन्होंने कहा कि प्रिवेंशन आफ मनी लांड्रिंग (पीएमएलए) के प्रविधानों को दमनकारी बनाकर विपक्ष के नेताओं को डराना-धमकाना भाजपा की टूलकिट का हिस्सा है।उन्होंने आरोप लगाया कि षड्यंत्र के तहत एक-एक करके विपक्ष की सरकारों को अस्थिर करने का भाजपा का काम जारी है। खरगे ने कहा, भाजपा की वाङ्क्षशग मशीन में जो चला गया वह सफेदी की चमकार से साफ है, जो नहीं गया वह दागदार है। तानाशाही से लोकतंत्र को अगर बचाना है तो भाजपा को हराना होगा। हम डरेंगे नहीं, संसद से सड़क तक लड़ते रहेंगे।पार्टी नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग आदि अब सरकारी एजेंसियां नहीं रहीं, अब यह भाजपा का विपक्ष मिटाओ प्रकोष्ठ बन चुकी हैं। उन्होंने कहा, खुद भ्रष्टाचार में डूबी भाजपा सत्ता की सनक में लोकतंत्र को तबाह करने का अभियान चला रही है। शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने कहा कि हेमंत सोरेन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरह पलटी नहीं मार पाए और इसीलिए उसकी कीमत चुका रहे हैं। सोरेन की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए के घटक दलों के नेताओं ने बुधवार रात कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर एक बैठक की और ताजा हालात पर चर्चा की। बैठक में सोनिया गांधी, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, राकांपा प्रमुख शरद पवार और द्रमुक नेता टीआर बालू समेत कई नेता उपस्थित थे। गौरतलब है कि सोरेन का झारखंड मुक्ति मोर्चा भी आईएनडीआईए का एक घटक है।



























