बंगलूरू, २७ सितम्बर।
कर्नाटक में सीबीआई जांच की सहमित वापस लिए जाने को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेर लिया है। भाजपा ने कहा है कि कांग्रेस, भ्रष्टाचार की दुकान हो गई है। भाजपा ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री एक भ्रष्ट व्यक्ति हैं, जो खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। गौरतलब है कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने गुरुवार को राज्य में जांच के लिए सीबीआई को दी गई सहमति वापस ले ली है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि यह पूरी तरह से साफ हो गया है कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की दुकान बन गई है।
मुडा घोटाले में हाईकोर्ट का आदेश आया है और सीएम पर आरोप लगे हैं। विशेष न्यायालय ने एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है, लेकिन सीएम सिद्धारमैया इस्तीफा देने के बजाय अहंकार दिखा रहे हैं। अब किसी भी मामले की जांच के लिए आवश्यक राज्य की सहमति वापस ले ली गई है। यह इस बात का सबूत है कि वे किस तरह खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जांच के फंदे में फंसे सीएम का यह खुद को बचाने का आखिरी हथकंडा है, लेकिन जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए कि वे क्या कदम उठाने जा रहे हैं। कांग्रेस जहां भी सत्ता में आती है, लूटती है। अगर किसी तरह हरियाणा में सत्ता में आ गए तो वहां भी लूटेंगे। लूटना ही कांग्रेस का चरित्र है।