
मणिपुर। मणिपुर के मिक्स्ड मार्शल आर्ट फाइटर चुंगरेंग कोरेन का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जातीय हिंसा से प्रभावित पूर्वोत्तर राज्य का दौरा करने और शांति बहाल करने की अपील कर रहे हैं। इस वीडियो में चुंगरेंग कोरेन भावुक नजर आ रहे हैं। उन्होंने यह बयान कथित तौर पर मैट्रिक्स फाइट नाइट (एमएफएन) में एक बाउट के बाद दिया है। कोरेन ने कहा, यह मेरा विनम्र अनुरोध है। मणिपुर में हिंसा हो रही है। लगभग एक साल हो गया है। लोग मर रहे हैं और कई लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। इन राहत शिविरों में भोजन और पानी की कमी है। बच्चे ठीक से पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। भविष्य स्पष्ट नहीं है। मोदी जी, कृपया एक बार मणिपुर का दौरा करें और राज्य में शांति बहाल करें। सोशल मीडिया हैंडल एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो क्लिप साझा करते हुए युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास ने हिंदी में लिखा, यह मणिपुर से चुंगरेंग कोरेन हैं। काश प्रधानमंत्री के लिए मणिपुर उनके परिवार का हिस्सा होता तो आज शायद मणिपुर का हर नागरिक रोने को मजबूर नही होता।




















