
इंफाल। मणिपुर में कुकी और मैतेयी समुदायों के बीच हिंसा और तनाव खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार की सुबह बिष्णुपुर जिले के खोइरेंटक तलहटी और चूड़चंदपुर जिले के चिंगफेई और खौसाबुंग इलाकों में दो समूहों के बीच भारी गोलीबारी हुई है।गोलीबारी की हालिया घटना बुधवार शाम से कुछ घंटों की शांति के बाद रुक-रुक कर जारी है। इसी के साथ, पिछले 72 घंटों में दोनों समुदायों के बीच गोलीबारी की घटनाओं में दो सुरक्षा बलों समेत कुल आठ लोग मारे गए हैं और 18 अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि विगत 29 अगस्त को खोइरेंटक में गोलीबारी के बीच गांव के 30 साल के स्वयंसेवक की मौत के बाद से हिंसा भड़क गई। एक व्यक्ति जो बम के छर्रों से घायल हुआ था और उसके सिर में गंभीर चोट थी, मिजोरम के रास्ते गुवाहाटी ले जाते हुए उसकी मौत हो गई। वहीं, छर्रे लगने से घायल हुए एक अन्य व्यक्ति की गुरुवार सुबह करीब नौ बजे चूड़चंदपुर जिले के अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 48 घंटों में चार अन्य लोगों की बुलेट से घायल होने के कारण मौत हो गई है। लेकिन अभी इनका ब्योरा आना बाकी है। चिंगफेई इलाके में बुधवार शाम हुई गोलीबारी में घायल हुए पांच लोगों में से तीन को चूड़चंदपुर जिला अस्पताल लाया गया था। एक के सिर पर छर्रे लगे थे, जबकि अन्य के कंधे, पैर और पीठ पर चोटें आई हैं। बिष्णुपुर के नारायणसेना गांव के पास मंगलवार को हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई थी। और छह अन्य घायल हो गए थे।




























