मनसे कार्यकर्ताओं ने उद्धव के काफिले पर फेंके टमाटर और नारियल, महिलाओं ने फेंकी चूडिय़ां

मुंबई। महाराष्ट्र के बीड जिले में शुक्रवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे की गाड़ी के सामने सुपारी फेंके जाने का बदला शनिवार को मनसे कार्यकर्ताओं ने ठाणे में उद्धव ठाकरे के काफिले पर टमाटर, नारियल और चूडिय़ां फेंककर ले लिया। नारियल फेंके जाने से उद्धव के काफिले की तीन-चार गाडिय़ों के कांच भी टूट गए। हंगामे के बाद कुछ मनसे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।शनिवार देर शाम ठाणे के राम गणेश गडकरी रंगायतन सभागार में उद्धव ठाकरे की सभा थी। उद्धव इस सभा में भाग लेने के लिए जैसे ही पहुंचने वाले थे, आसपास पहले से मौजूद मनसे कार्यकर्ताओं ने रास्ते से ही उनके काफिले पर टमाटर, नारियल एवं चूडिय़ां फेंकनी शुरू कर दीं।मनसे कार्यकर्ता उद्धव ठाकरे के विरोध में और राज ठाकरे के पक्ष में नारे लगा रहे थे। सभा स्थल पर उद्धव ठाकरे के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। दोनों गुटों में टकराव की नौबत आने से पहले ही पुलिस ने हस्तक्षेप कर राज गुट के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

RO No. 13467/11