
नईदिल्ली, २० नवंबर । उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व छठ का समापन हो गया है। सुबह-सुबह घाटों पर छठ व्रतियों का सैलाब उमड़ा और पूरे विधि विधान के साथ उगते भगवान सूर्य को अर्धय दिया। इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व छठ पूरा हो गया है। इन चार दिनों में घाटों पर भक्तों की भीड़ देखने को मिली। घाट के चारों तरफ छठ के गीतों से श्रद्धालुओं का मन भक्ति में लीन हो गया। देशभर में छठ पर्व की धूम देखने को मिल रही है। दिल्ली, बिहार, पंजाब समेत यूपी तक में भक्त आस्था की डुबकी लगाते हुए नजर आए। वहीं, छठ पर्व का उत्साह अमेरिका तक में देखने को मिला। भारतीय-अमेरिकी महिलाएं नदियों और झीलों में सूर्य भगवान को अर्घय देने के लिए एकत्रित हुई। सूर्य को अर्घय देने छठ घाटों पर श्रद्धालु की आज भीड़ उमड़ रही है। कई शहरों से आ रहीं तस्वीरें आपका भी मन मोह लेंगी। न्यू जर्सी और न्यूयॉर्क से भारतीय मूल के सैकड़ों लोग न्यू जर्सी के एडिसन के पपेयानी पार्क में छठ पूजा मनाने के लिए नदी के सामने एकत्र हुए। कैलिफोर्निया, एरिजोना, कनेक्टिकट, मैसाचुसेट्स, न्यू जर्सी, टेक्सास, उत्तरी कैरोलिना और वाशिंगटन डीसी सहित पूरे अमेरिका के कई राज्यों में छठ पर्व का उत्साह बड़े धूमधाम से मनाया जाता है।औरंगाबाद के देव में उद्दीयमान भगवान सूर्य के अर्घ्य देने के बाद दर्शन के लिए सूर्यमंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वहीं, रक्सौल उदयमान सूर्य को अर्द्धय देने भकूवाब्रह्म स्थान छठ घाट पर भक्तों का सैलाब देखने को मिला। दिल्ली-काठमांडू को जोडऩे वाली मुख्यपथ पर स्थित सूर्य मंदिर में छठव्रती कोशी पूजा करती नजर आई। वहीं, भोजपुरी अवधी समाज के घाट पर छठ के बाद नवजात शिशु को प्रसाद खिलाती दादी नजर आ रही है तो कोई हरनंदी छठ घाट पर सेल्फी लेता हुए दिख रहा है। हरनंदी छठ घाट पर उगते सूर्य को श्रद्धालु अर्घय दे रहे है। छठ पूजा के पावन अवसर पर अमृतसर स्थित श्री दुर्ग्याणा तीर्थ के सरोवर में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य देकर व्रत को सम्पूर्ण करती हुई छठवृत्तीयां। अमृतसर के अलावा होशियारपुर में भी छठ की धूम देखने को मिली। कार्तिक शुक्लपक्ष की पूर्णिमा तिथि पर सोमवार की सुबह नदियों का तट श्रद्धालुओ से भरा हुआ दिखा। परिवार की समृद्धि व संतान की कुशलता के लिए महिलाएं छठ व्रत रखती है। रविवार की शाम गंगा, यमुना और संगम के तट पर गन्ने का मंडप बनाकर उसमें बैठकर पूजा भी की। पूजन के बाद डूबते सूर्य को अर्घय दिया। मेरठ गगोल तीर्थ मे भी सूर्यदेव को जल देते हुए कई भक्त नजर आए।
सुबह अर्घय के साथ छठ महापर्व की हुई पूर्णाहुति
भिलाई। आज सुबह अर्घय के साथ छठ महापर्व की पूर्णाहुति हुई। दुर्ग जिले में बीजेपी नेता प्रेम प्रकाश पाण्डेय भी शामिल हुए। उन्होंने एक्स पर फोटो शेयर कर लिखा, आज सुबह के अर्घय के साथ इस लोक महापर्व की पूर्णाहुति हुई। सेक्टर -2 छठ तालाब पर उगते सूर्य देव को नमन कर, अर्घय दे भिलाईवासियों के लिए सुख, शांति, एवं समृद्धि की कामना की। साथ ही बापू नगर, छावनी और लक्ष्मण नगर छठ तालाब पहुंचकर लोगों से भेंट की और उन्हें इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दी। आप सभी को पुन: छठ पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ!
महिलाओं ने खारून घाट में उगते सूर्य को अर्घय देकर छठी माई का लिया आशीर्वाद
रायपुर। पूर्वांचल वासियों ने छठ महापर्व पर खारून घाट में उगते सूर्य भगवान को अर्घय देकर छठी माई का आशीर्वाद लिया। वहीं आंध्र मूल के लोगों ने कार्तिक सोमवार के मौके पर नदी में दीप दान किया। ऐसी मान्यता है कि सूर्य देव की पूजा करने से तेज, आरोग्यता और आत्मविशवास की प्राप्ति होती है। दरअसल, ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सूर्य ग्रह को पिता, पूर्वज, सम्मान का कारक माना जाता है। साथ ही छठी माता की अराधना से संतान और सुखी जीवन की प्राप्ति होती है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है कि यह पर्व पवित्रता का प्रतीक है। इससे संतान सम्बन्धी समस्याएं दूर होती हैं। इससे नाम यश बढ़ता है। अपयश के योग भंग होते हैं। पिता पुत्र के संबंध ठीक होते हैं। इसके अलावा जिन लोगों की कुंडली में सूर्य कमजोर होता है, उनमें आत्मविश्वास की कमी होती है. सूर्य को अर्घ्य देने से आत्मविश्वास बढ़ेगा.