
रीवा। मध्य प्रदेश से प्रयागराज महाकुंभ में जाने वालों की भारी भीड़ होने से उत्तर प्रदेश सीमा पर शनिवार को फिर जाम लग गया। दोनों राज्यों की सीमा को जोड़ने वाले रीवा जिले के चाकघाट पर शनिवार को 18 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसके बाद रीवा-प्रयागराज मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री रोक दी गई है। अब मनगवां से वाहनों को डायवर्ट कर हनुमना मार्ग से निकाला जा रहा है। ऐसे में, यहां से वाहन मीरजापुर होकर प्रयागराज पहुंचेंगे। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए वाहन चालकों को बदले मार्ग की जानकारी दी।
अधिकारी जाम खुलवाने की कोशिश में जुटे रहे
शनिवार सुबह तक स्थिति नियंत्रण में थी, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद रीवा-प्रयागराज मार्ग पर वाहनों की संख्या अचानक से बढ़ गई। जोगनिहाई टोल से हर घंटे 1500 वाहन निकल रहे हैं। नतीजतन, जाम लगने लगा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जाम खुलवाने की कोशिश में जुटे रहे।
रीवा के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के मुताबिक, 24 घंटे में चाकघाट से 35 हजार से ज्यादा वाहन निकल चुके हैं। शनिवार सुबह से हर घंटे जोगनिहाई टोल प्लाजा और झिरिया टोल प्लाजा से होकर 1500 वाहन निकल रहे हैं। यही वजह है कि सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ रहा है।
रेस्ट पाइंट पर विशेष व्यवस्थाएं
रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि कुंभ यात्रियों की सुविधा के लिए रेस्ट पाइंट पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। बच्चों के लिए दूध, आवश्यक दवाइयां और खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।