
तनौद। पामगढ़ ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत तनौद में महानदी से रोज 40 से 50 ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है।महानदी का सीना चिर कर इन दिनों रेत माफियाओ द्वारा रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। अवैध उत्खनन से जहां प्रशासन को लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।. इसके साथ ही नदियों के अस्तित्व पर संकट भी गहराता जा रहा है। कई जगह नदियों में बेतरतीब खनन से गड्ढे इतने बढ़ गए हैं कि वहां जनजीवन पर भी इसका असर दिखने लगा है।
जानकारी के मुताबिक रेत का अवैध कारोबार रसूखदार लोगों द्वारा किया जा रहा है। इनको न तो शासन का डर है और न ही जिला प्रशासन का ।खनिज विभाग की लापरवाही से राजस्व की हानि हो रही है। खनिज विभाग द्वारा क्षेत्र में निरीक्षक की नियुक्ति की गई है लेकिन वे कभी अपने क्षेत्र में निरीक्षण ही नही करते । फलस्वरूप कुछ रसूखदारों के द्वारा खुलेआम खनिज संपदा का दोहन किया जा रहा है और खनिज विभाग को इससे कोई सरोकार नहीं है।
ग्राम पंचायत तनौद के महानदी में अवैध रेत उत्खनन एवं अवैध भंडारण का खेल चल रहा था जिसकी सुचना अधिकारियों को भी है लेकिन अधिकारियों के द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही है। ज्यादातर परिवहन ट्रैक्टर से किया जा रहा है और अधिकांश ट्रैक्टरों के पास व्यवसायिक उपयोग का परमिट नहीं है। कृषि कार्य के लिए खरीदे गए ट्रैक्टर का धड़ल्ले से व्यवसायिक उपयोग हो रहा है।

















