रायसेन। जिले की विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी सांची में स्थित चैत्यगिरी विहार मंदिर में दो-दिवसीय महाबोधि महोत्सव का शुभारंभ हुआ। भगवान गौतम बुद्ध के परम शिष्य महामोदग्लायन और सारिपुत्र की पवित्र अस्थियों की पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव की शुरुआत की गई। महोत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से बौद्ध अनुयायियों का सांची आगमन हो रहा है। इसके लिए सांची को विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल दिखाई दे रहा है। शुभारंभ के अवसर पर सुबह 8 बजे महाबोधि सोसाइटी से शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में वियतनाम, श्रीलंका, जापान, सिंगापुर, अमेरिका से आए बौद्ध धर्म को मानने वाले अनुयायी शामिल हुए।
सांची स्तूप, मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक स्थल, दुनिया भर में प्रसिद्ध है। हर साल के अंत में इसका तहखाना एक बार खोला जाता है, जब भगवान बुद्ध के शिष्य महामोदग्लायन और सारीपुत्र की पवित्र अस्थियां दर्शन के लिए निकाली जाती हैं। शनिवार और रविवार को विशेष पूजा अर्चना होती है, जिसका उद्देश्य शांति और सद्भाव फैलाना है।