
चांपा। महाशिवरात्रि पर मॉर्निंग वॉक योग समिति द्वारा आयोजित 51वीं त्रयोदशी पदयात्रा भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के माहौल में हुई। इस दौरान पीथमपुर हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
सुबह 5.30 बजे भगवान परशुराम चौक से यह धार्मिक पदयात्रा विधिवत प्रारंभ हुई। पदयात्रा में सैकड़ों शिव भक्त, योग समिति के सदस्य और श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे रास्ते में हर-हर महादेव, बम बम भोले… के जयघोष गूंजते रहे। शिवभक्तों का जोश और आस्था देखते ही बन रही थी। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नाचते-गाते मंदिर की ओर बढ़े। शिवभक्ति से सराबोर माहौल में भक्तों ने शिव तांडव स्तोत्र और भजन-कीर्तन का आयोजन किया। यात्रा के दौरान भक्तों ने भगवान शिव के भजन गाए, ढोल-नगाड़ों की ध्वनि के साथ भक्ति नृत्य किया और भगवान कलेश्वर नाथ की महिमा का गुणगान किया। इस बारमॉर्निंग वॉक योग समिति द्वारा रसगुल्ला प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया।
हर त्रयोदशी पर पदयात्रा पिछले दो वर्षों से मॉर्निंग वॉक योग समिति प्रत्येक त्रयोदशी पर यह धार्मिक यात्रा आयोजित करती आ रही है। श्रद्धालु चांपा से पीथमपुर तक पदयात्रा करते हैं और कलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। इस यात्रा का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करना है बल्कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी बढ़ावा देना है। पीथमपुर स्थित भगवान कलेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र और गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक किया। भव्य आरती का आयोजन किया गया।
प्रसाद वितरण ?किया गया इस बार की पदयात्रा में पिछले सभी यात्राओं की तुलना में अधिक संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इनमें राम खुबवानी राजन गुप्ता, सुनील साधवानी, लाल चंद देवांगन, हरि देवांगन, हेमचंद देवांगन, शिव देवांगन, सुनील बनकर, गोपाल देवांगन, सत्यनारायण देवांगन, अशोक देवांगन, कपूर चंद देवांगन, डॉ. सुरेश वीरानी, विजेंद्र देवांगन, धोनी देवांगन, राजेश अहीर, कृष्ण देवांगन, दिलीप देवांगन, किशोर केसरवानी, महेश पुरुषोत्तम सोनी, वाशु देवांगन, प्रीतम, संतोष, रमेश राजू, अमित राठौर, राजीव मिश्रा, संजय तिवारी, संतोष देवांगन, तोता राम शामिल रहे।
कोल्ता समाज ने भक्तों को प्रसाद बांटा
तुस्मा- ग्राम में महाशिवरात्रि पर कोल्ता समाज के लोगों ने भोज प्रसाद बांटे और भंडारे का आयोजन किया। समाज के अध्यक्ष भोजराम प्रधान ने बताया कि पिछले 5 वर्षों से महाशिवरात्रि के दिन ही भोजन प्रसाद की व्यवस्था की जाती है। साथ ही इस दिन पूरे कोल्ता समाज के लोगों द्वारा देवतहा तालाब डोंगिया तालाब के किनारे में बने शिव मंदिर में विधि विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।
अन्य समाज के लोगों के लिए भी सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। लोगों को खीर, पूड़ी, दाल, गोभी, आलू, चना सब्जी वितरण किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष भोज राम प्रधान, सामाजिक पंच झीथू प्रधान, छत राम प्रधान, धनी राम प्रधान, प्रहलाद प्रधान, बंडू प्रधान, छोटू प्रधान, मांघो प्रधान, बलदाऊ प्रधान, सम्में प्रधान, ईश्वर प्रधान, अर्जुन प्रधान, गंगा राम प्रधान, शिव चरण प्रधान, राजू प्रधान, राजेश प्रधान, राजेंद्र प्रधान, राकेश प्रधान उपस्थित थे।
मंदिरों में उमड़े भक्त, जलाभिषेक किया
अकलतरा- महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर एवं क्षेत्र के शिव मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु गंगाजल, दूध और बेलपत्र के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। हर-हर महादेव के जयघोष से समूचा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
नगर के लखी तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विशेष आयोजन हुए, जहां विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने शिवलिंग पर जल अर्पण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसी तरह जवाहरनगर स्थित शिव मंदिर में भी सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और पूजा के लिए पहुंचे। महाशिवरात्रि पर नगर के पंच देव मंदिर, महामाया मंदिर, पोस्ट ऑफिस के सामने राधा-कृष्ण बड़े मंदिर, गोपियापारा, अंधियारी पाठ, लेबर कॉलोनी, पुरानी बस्ती, देवांगन मोहल्ला, संजय नगर, जयहिंद नगर और पोड़ीभाठा स्थित शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई।
महाशिवरात्रि पर तुर्रीधाम में उमड़ी भक्तों की भीड़
बाराद्वार-महाशिवरात्रि पर बुधवार को नगर के सभी शिव मंदिर सहित निकटस्थ बाबा भोलेनाथ के प्रसिद्व मंदिर तुर्रीधाम में शिव भक्तों की भीड़ देखने को मिली। तुर्रीधाम में भोलेबाबा को जल चढ़ाने के लिए दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा और भक्तों ने घंटों लाइन में लगकर भोलेबाबा के दर्शन कर मनोकामना मांगी। उसके अलावा कई भक्तजन लोट मारते हुए मंदिर में जल अर्पित किए।
कई भक्तों ने बाबा का दूध व जल से अभिषेक भी किया। महाशिवरात्रि के अवसर पर तुर्रीधाम में भक्तों की अत्यधिक भी देखने को मिली। भारी संख्या में भक्तों ने लम्बी कतार में लगकर तुर्रीधाम में जलााभिषेक कर बाबा के दर्शन प्राप्त किया। मंदिर परिसर सहित मेला ग्राउंड में पुलिस द्वारा चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी। उसके अलावा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के सभी शिवालयों में बोलबम के नारों के साथ महाशिरात्रि पर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना धूमधाम से की गई।