बिश्रामपुर। शुक्रवार दोपहर नगर के चोपड़ा कालोनी स्थित नगर पंचायत के सामुदायिक भवन में 33 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई है। मामले में हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि सुनील बड़ा नामक व्यक्ति नगर पंचायत बिश्रामपुर क्षेत्र के चोपड़ा कालोनी में एसईसीएल द्वारा निर्मित खस्ताहाल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में लंबे समय से रहता था। तीन चार माह से वह बसंती उर्फ फुलेश्वरी बाई नामक 33 वर्षीय गोंड़ महिला के साथ ट्रीटमेंट प्लांट से सटे नगर पंचायत के अनुपयोगी पड़े सामुदायिक भवन में अवैध रूप से रह रहा था। महिला शादीशुदा थी और बसदेई की रहने वाली थी। अपने पति को छोड़कर वर्तमान में सुनील बड़ा के साथ रह रही थी। शुक्रवार को दोपहर में उसका शव सामुदायिक भवन में पड़े होने की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा के साथ तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे। मृतक महिला के शरीर में कई स्थान पर चोट के निशान मिलने से मामला प्रथम दृष्टया हत्या का नजर आ रहा है।पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के पश्चात महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मच्र्युरी में रखवा दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम होने के बाद मौत के कारणोँ का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने सुनील बड़ा को हिरासत में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने पर वैधानिक कार्रवाई करेगी।