
प्रतापपुर। जिले के रेवटी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम डांडकरवां में एक महिला की संदिग्ध अवस्था में फांसी पर लटकी लाश मिलने के मामले में पुलिस ने जांच के पश्चात आरोपित को गिरफ्तार कर अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर दिया है। महिला द्वारा अपशगुन होने का ताना देने पर आरोपित ने उसकी गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने फांसी पर लटका दिया। ग्राम डांड़करवां निवासी रामसुन्दर पंडो ने चौकी रेवटी में सूचना दी कि उसकी चाची कलावती अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर मर्ग कायम पर पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग जांच में पाया गया कि महिला ने फांसी नहीं लगाई बल्कि फांसी का बनावटी गठान का रूप दिया गया है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्धेश्य से बनावटी फांसी का रूप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 302, 201 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरजपुर आइकल्याण एलिसेला ने घटना स्थल का मुआयना कर डाग स्क्वायड को जांच के लिए मौके पर भेजा। डाग स्क्वायड व जांच में मिले अहम सुराग के आधार पर रेवटी चौकी पुलिस ने संदेही रामनरेश पण्डो को पकड़ा। पूछताछ पर उसने बताया कि महिला उसे अपशगुन होने की बात कहती थी। इससे आवेश में आकर उसने गमछा से गला घोटकर हत्या कर दी और बचने के लिए फांसी लगाने का स्वरूप दिया। मामले में आरोपित राम नरेश पण्डो पिता स्व. धनकुधारी उम्र 35 वर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल व एसडीओपी प्रतापपुर अरूण नेताम के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी रेवटी सुमंत पांडेय, प्रधान आरक्षक ज्योतिष पटेल, शिव राजवाड़े, रावर्ट तिग्गा, आरक्षक बलिंदर खलखो, तीरथ राजवाड़े, निर्मल राजवाड़े, महासागर तिर्की व जयजीत टोप्पो सक्रिय रहे।





















