
कोरबा। वनमंडल कोरबा के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कलमीटिकरा परिसर में एक महिला को मौत की नींद सुलाने वाला लोनर हाथी अब धरमजयगढ़ वनमंडल चला गया है। हाथी ने आधी रात के बाद आगे का रूख किया और मांड नदी को पार करने के बाद भोर होने से पहले धरमजयगढ़ पहुंच गया।
कल लोनर हाथी ने ग्राम बासीन निवासी यादोबाई नामक महिला पर हमला कर दिया था जिससे उसकी मौत हो गई थी। जबकि उसका पति वृक्षराम पुलिया में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा था। दंपत्ति सुबह 7.30 बजे धान बीज खरीदी के लिए अपने गांव बासीन से गिरारी जा रहे थे, तभी जंगल में उनका सामना लोनर हाथी से हो गया था। हाथी ने देखते ही हमला कर दिया था। इस बीच 7 हाथियों का दल लबेद क्षेत्र में पहुंच गया है। हाथियों के इस दल को आज सुबह यहां के जंगल में ग्रामीणों ने विचरण करते हुए देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिस पर वन विभाग का अमला तत्काल मौके पर पहुंचकर हाथियों की निगरानी में जुट गया है। लबेद व आसपास के गांवों में मुनादी करा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।