महिला से लूटपाट का फरार आरोपित पकड़ाया

सूरजपुर। सोनवाही जंगल में स्कूटी सवार दो महिलाओं से लूट करने के मामले में फरार दूसरे आरोपित को लटोरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व में एक आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। बता दें कि ग्राम गजाधरपुर निवासी कांति देवी ने चौकी लटोरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 मार्च को अपनी लडक़ी के साथ स्कूटी से गांधीनगर अम्बिकापुर कपड़ा दुकान से खरीददारी कर वापस घर गजाधरपुर आ रही थी। दोपहर में सोनवाही जंगल के पास इन लोगों के पीछे से दो अज्ञात व्यक्ति मोटर साइकिल में आए और रुकने के लिए कहा। डरकर दोनों रूक गए। उसी दौरान दोनों व्यक्ति उनसे थैला छीन लिए। थैला में दो नग पर्स जिसमें 42 सौ रूपये थे उसे छीनकर मोटर साइकिल से दोनों अम्बिकापुर की ओर भाग गए। महिला की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध धारा 392, 34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। विवेचना के दौरान पूर्व में आरोपी शहजोर अली उम्र 32 वर्ष निवासी ईरानी मोहल्ला अम्बिकापुर को लूट की रकम में से एक हजार रूपये व घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार किया गया था। उसका साथी दीपक यादव घटना के बाद से ही फरार था। लटोरी पुलिस को सूचना मिली कि दीपक यादव को उसके घर के आसपास देखा गया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी लगाकर आरोपी दीपक यादव पिता मथुरा यादव उम्र 26 वर्ष निवासी गंगापुर खुर्द, थाना गांधीनगर अंबिकापुर को पकड़ा। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष शिनाख्त परेड कराई गई, जहां पीडि़ता द्वारा आरोपित की पहचान की गई। पूछताछ पर आरोपित ने लूट की घटना को अपने साथी शहजोर के साथ मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया।

RO No. 13467/11