मालदीव ने नेतन्याहू को दिखाई लाल आंख! इजरायली पासपोर्ट धारियों पर देश में एंट्री पर लगाया बैन

माले। मालदीव ने अपने देश में इजरायली पासपोर्ट (Israeli Passport) धारकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। फलस्तीन के समर्थन में लिए गए इस फैसले को मूर्तरूप देने के लिए हिंद महासागर में स्थित यह द्वीप देश कानूनी संशोधन करने की कवायद करेगा। इसके बाद इजरायल ने भी अपने नागरिकों को मालदीव जाने से बचने की सलाह दी है। मालदीव के गृह और तकनीकी मंत्री अली इहसान ने यह घोषणा मालदीव के राष्ट्रपति के कार्यालय में की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जु ने कैबिनेट की एक सिफारिश के बाद इजरायली पासपोर्ट धारकों के अपने देश में प्रतिबंध को मंजूरी दी है। मोहम्मद मुइज्जु ने फलस्तीनियों की जरूरतों को जानने के लिए एक विशेष दूत नियुक्त करने का फैसला लिया है। वह फलस्तीनी लोगों की मदद के लिए धन एकत्र करने का अभियान भी शुरू करेंगे। इस काम में वह फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र की राहत देने वाली संस्था की मदद लेंगे। मालदीव ने फलस्तीनियों से एकजुटता दिखाने के लिए यह कदम उठाया है।

RO No. 13467/11