100 फीट ऊंचा होर्डिंग गिरा, 14 की मौत, एक की हालत गंभीर, 43 घायलों का चल रहा इलाज
मुंबई, 1४ मई ।
मुंबई में सोमवार शाम आए भयंकर तूफान से घाटकोपर इलाके में तबाही का मंजर देखने को मिला जब एक लोहे का बिलबोर्ड महज कुछ सेकंड के अंदर ही धराशायी हो गया। 100 फुट ऊंचा और 250 टन का यह बिलबोर्ड घाटकोपर इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास लगा हुआ था। जब तेज हवाएं चली तो यह बिल्कुल भी नहीं संभला और महज कुछ ही सेंकड के अंदर नीचे जमीन पर गिर गया।
इस दुर्घटना में अब तक 14 लोगों की मौत हो गई और 70 से अधिक घायल हुए है। बृहन्मुंबई नगर निगम के मुताबिक, 43 घायलों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि 31 घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक अधिकारी का कहना है कि यह हादसा जिमखाना के पास सोमवार की शाम साढ़े बजे के करीब हुआ। मौके पर तुरंत राहत पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दमकल और पुलिस की टीम को भेजा गया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य के दौरान क्रेन और गैस कटर का इस्तेमाल किया गया है।
घाटकोपर में हुए हादसे के बाद महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने मुंबई के मुलुंद क्षेत्र में होने वाली अपनी चुनावी रैली को रद्द कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।