
मुंबई, १९ जून ।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि फिल्म हमारे बारह में मुस्लिम समुदाय या कुरान के खिलाफ कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है। यह फिल्म वास्तव में महिलाओं के उत्थान के लिए है। जस्टिस बीपी कोलाबावाला और फिरदौस पूनीवाला की खंडपीठ ने कहा, फिल्म से सभी आपत्तिजनक दृश्य हटा दिए गए हैं। यह वास्तव में सोचने वाली फिल्म है।कोर्ट ने कहा कि यह फिल्म ऐसी नहीं है, जिसमें दर्शकों से बिना दिमाग लगाए फिल्म का आनंद लेने की अपेक्षा की जाती है। आश्चर्य है कि याचिकाकर्ता फिल्म के खिलाफ बयान दे रहे हैं, जबकि उन्होंने फिल्म देखी ही नहीं है। कोर्ट ने कहा कि उसने सभी आपत्तिजनक अंशों को हटाने के बाद फिल्म देखी है और इसमें ऐसा कुछ भी नहीं मिला है जो हिंसा भडक़ाए।कोर्ट ने कहा कि उसके पास कुछ दृश्यों पर कुछ सुझाव हैं। यदि सभी संबंधित पक्ष सहमत होते हैं तो सहमति शर्तें प्रस्तुत की जा सकती हैं, जिसके बाद बुधवार को कोर्ट फैसला सुनाएगा। हालांकि कोर्ट ने कहा कि वह सेंसर बोर्ड से प्रमाण प्राप्त करने से पहले ही फिल्म का ट्रेलर रिलीज करने के लिए फिल्म निर्माताओं पर जुर्माना लगाएगी। पीठ ने याचिकाकर्ताओं से सहमति जताई कि ट्रेलर और पोस्टर आपत्तिजनक थे।कोर्ट ने फिल्म के निर्माताओं को किसी भी धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले संवाद और दृश्य शामिल न करने की चेतावनी दी। हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर कर दावा किया गया था कि इस फिल्म में कुरान में कही गई बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।
हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज को स्थगित कर दिया था, लेकिन बाद में निर्माताओं द्वारा यह कहने के बाद कि आपत्तिजनक अंशों को हटा दिया जाएगा, रिलीज की अनुमति दे दी। इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जिसने फिल्म रिलीज पर रोक लगा दी और हाईकोर्ट को उचित निर्णय लेने का निर्देश दिया था। यह फिल्म सात जून और फिर 14 जून को रिलीज होने वाली थी।गुजरात हाईकोर्ट ने बालीवुड अभिनेता आमिर खान के बेटे जुनैद की पहली फिल्म महाराज पर अंतरिम रोक मंगलवार को एक दिन के लिए बढ़ा दी। इस फिल्म को पिछले सप्ताह नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाना था।
जस्टिस संगीता विशेन की एकल पीठ ने सुनवाई के बाद कहा कि फिल्म की रिलीज पर अंतरिम रोक बुधवार तक जारी रहेगी। बुधवार को इस मामले की फिर सुनवाई होगी। ‘महाराज’ फिल्म पर हिंदू भावना को ठेस पहुंचाने का आरोप है। गुजरात हाईकोर्ट ने फिल्म के खिलाफ याचिका के बाद इस फिल्म पर रोक लगा दी थी।























