
आगरा 30 जुलाई। सावन के दूसरे सोमवार को कई जगहों पर हुए हादसों में 13 कांवडिय़ों की मौत हो गई। इसके अलावा कांवड़ खंडित या हादसों में घायल होने से नाराज कांवडिय़ों ने जमकर बवाल किया। ब्रज क्षेत्र के अंतर्गत कासगंज में दो कांवडिय़ों की हादसे और एक की हार्टअटैक से जान चली गई। आगरा में वाहन की टक्कर से दो की जान चली गई। मेरठ के दौलताबाद में गर्मी से बुलंदशहर के कांवडिय़े की मौत हो गई। सुभारती विश्वविद्यालय के पास एक कांवडिय़े की हादसे में जान चली गई। बुढ़ाना में कांवड़ सेवा शिविर में आराम कर रहे किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, बदायूं के उझानी क्षेत्र में रात दो बाइकों की टक्कर में घायल तीन और कांवडिय़ों की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार एक कांवडिय़े की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रतापगढ़ में भी एक कांवडिय़े की हादसे में जान चली गई। मैनपुरी में टक्कर से तीन कांवडिय़ों के घायल होने पर साथियों ने बस पर पथराव कर दिया। आगरा में बाईपास पर बाइक ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई जिसमें एक कावंडिय़ा के घायल होने पर साथियों ने चालक को पीट दिया।
मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर अल्लीपुर के सामने कांवड़ खंडित होने का आरोप लगाकर हंगामा कर जाम दिया।